आगरा में भीषण हादसा: दिल्ली हाईवे पर कंटेनर से टकराई कार, बिहार-झारखंड के नौ लोगों की मौत
- थाना एत्मादपुर क्षेत्र में मंडी समिति के सामने हुआ हादसा
- तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़कर कंटेनर से टकराई
- मरने वाले नौ लोग बिहार और झारखंड के रहने वाले, तीन घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर एत्माद्दौला क्षेत्र में मंडी समिति के सामने गुरुवार तड़के 5:25 बजे भीषण सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर घायल हो गए। हादसा एत्मादपुर की ओर से आती तेज रफ्तार स्कार्पियो गाड़ी के डिवाइडर पर चढ़कर गलत दिशा में आने से हुआ। स्कॉर्पियो रामबाग की ओर से आते कंटेनर से टकरा गई। हादसे के बाद गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। कंटेनर भी तिरक्षा होकर लोहे की रेलिंग तोड़कर सर्विस रोड पर लटक गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों के शवों को निकलवाया। कंटेनर और कार को क्रेन की मदद से हाईवे से हटाया जा सका। घायलों का इलाज चल रहा है।
झारखंड नंबर की स्कॉर्पियो (जेएच 13 डी 5029) एत्मादपुर की ओर से रामबाग की ओर जा रही थी। पुलिस ने बताया कि यह झारखंड के एमडी हिफजुर रहमान के नाम पर पंजीकृत है। कार में चालक सहित 12 लोग सवार थे। एनएच-2 पर शाहदरा फ्लाईओवर से उतरते समय मंडी समिति के सामने गाड़ी बेकाबू हो गई।
वह डिवाइडर पर चढ़ गई। इसके बाद गलत दिशा में आ गई। रामबाग की ओर से कंटेनर (एनएच-01 क्यू 2082) आ रहा था। कंटेनर के चालक ने कार को देखकर बचाने का प्रयास किया। मगर, दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। टक्कर से स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। कंटेनर हाईवे की रेलिंग तोड़कर सर्विस रोड पर लटक गया। हादसे के बाद चीखपुकार मच गई।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि हादसा स्कॉर्पियो के गलत दिशा में आने पर कंटेनर की टक्कर से हुआ। इसमें आठ की मौके पर, जबकि एक व्यक्ति की एसएन अस्पताल में मौत हो गई। इनमें चार नाबालिग थे। चार मृतक झारखंड और पांच बिहार के रहने वाले थे। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। संभवत: हादसा स्कार्पियो के चालक को झपकी आने की वजह से होना माना जा रहा है। सभी बिहार से हरियाणा के सिरसा जा रहे थे। मजदूरी करते हैं। बुधवार शाम को घरों से निकले थे। सभी आपस में परिचित थे। इस कारण साथ आ रहे थे।
गाड़ी में फंस गए थे शव
सुबह टहलने निकले महावीर और लकी ने बताया कि हादसे के बाद सबसे पहले वह मौके पर पहुंच गए थे। स्कार्पियो में सवार एक व्यक्ति ही बोल रहा था। उसने बताया कि वह जिला गया, बिहार से आया है। इसके बाद बेहोश हो गया। उसे बाहर निकाला। इसके बाद अन्य तीन को भी निकाला। 15 मिनट बाद पुलिस आ गई। कार चालक की सीट पर अन्य लोग फंसे हुए थे। पुलिस ने आठ शवों को बाहर निकाला। घटना के बाद जाम भी लग गया। इस कारण वाहनों को सर्विस रोड पर डायवर्ट किया गया। दो घंटे बाद कंटेनर और कार को हटाने पर ही यातायात सामान्य हो सका।
1. उपेंद्र पासवान पुत्र सूरज देव पासवान निवासी डूमरी, थाना हंटरगंज, जिला चतरा, झारखंड ( 28 वर्ष, चालक स्कार्पियो।
2. गुड्डू कुमार पुत्र शिवनंदन दास निवासी फुलवारिया, गया, बिहार (17 वर्ष)।
3. बबलू प्रजापति पुत्र बृहम देव निवासी वडही विगहा भेरूआ, थाना हंटरगंज, जिला चतरा, झारखंड (25 वर्ष)।
4. विकास पुत्र बसंत भुइंया निवासी देवरिया पोस्ट विकोपुर, थाना कोठी, गया, बिहार (17 वर्ष)।
5. नागेन्द्र कुमार पुत्र क्रष्ण यादव निवासी बरहा फुलवारिया, गया, बिहार (15 वर्ष)।
6. सुरेंद्र कुमार पुत्र विगन भुइया निवासी गया (17 वर्ष)।
7. राजेश निवासी हुसैडी, गया (26 वर्ष)।
8. अमन निवासी वरह, गया (24 वर्ष)।
9. विपिन निवासी बाहरा, पोस्ट फुलवारिया, गया, बिहार, (30 वर्ष)
घायलों की सूची
1. सुजीत पुत्र मरजू भुनिया निवासी कोडिया, गया, बिहार, (20 वर्ष)।
2. सूरज देव पुत्र तन्द्रो प्रजापति निवासी उपरोक्त , (35 वर्ष)।
3. छोटू पुत्र विगन भुइंया निवासी बरहा फुलवारिया, गया, (21 वर्ष)।