Agra Nagar Nikay Chunav: नगर निकायों के वार्ड आरक्षण पर 298 आपत्तियां हुईं दर्ज, 12 को भेजी जाएगी रिपोर्ट
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निकायों के वार्ड आरक्षण में मिली आपत्तियों पर सुनवाई के लिए बैठक होगी। 12 को आपत्तियों के संबध में रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा नगर निकायों के वार्ड आरक्षण की सूची जारी होने के सात दिन बाद आपत्तियां मांगी गईं। शुक्रवार को आपत्तियां दाखिल करने का आखिरी दिन था। जिले में नगर निकायों के वार्डों के आरक्षण पर 298 आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। इनमें सबसे ज्यादा नगर निगम के सौ वार्डों के लिए आपत्तियां दाखिल की गई हैं।
जिले की पांच नगर पालिकाओं फतेहपुर सीकरी, शमसाबाद, एत्मादपुर, अछनेरा और बाह के साथ सात नगर पंचायतों स्वामीबाग, दयालबाग, किरावली, पिनाहट, जगनेर, खेरागढ़, फतेहाबाद में कुल 33 आपत्तियां दाखिल की गई हैं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निकायों के वार्ड आरक्षण में मिली आपत्तियों पर सुनवाई के लिए बैठक होगी। 12 को आपत्तियों के संबध में रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। 15 दिसंबर तक आपत्तियों का निस्तारण हो सकता है।
34 जोन में बांटा गया है आगरा
निकाय चुनाव के संबंध में जिला प्रशासन की तैयारियां जारी हैं। निष्पक्ष चुनाव के मद्देनजर आगरा को 34 जोन में बांटा गया है। इनमें नगर निगम के 100 वार्ड 17 जोन में शामिल हैं, जबकि 7 नगर पंचायत और 5 नगर पालिका परिषदों को 17 जोन में विभाजित किया गया है। यहां जोनल अधिकारी की तैनाती की गई है। 65 निर्वाचन अधिकारी और 102 सहायक जिला निर्वाचन अधिकारियों की तैनाती कर दी है। जल्द ही संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों की सूची जारी की जाएगी। यह बूथ सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगे।
वार्डों में ईवीएम का प्रयोग होगा
उप जिला निर्वाचन अधिकारी यशवर्धन श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम के सभी वार्डों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का प्रयोग किया जाएगा। नगर पंचायतों और नगर पालिका परिषदों में बैलेट पेपर का प्रयोग होगा।
1519 बूथों पर वोट डालेंगे 16.49 लाख मतदाता
जिले में 13 निकायों में कुल 16.49 लाख मतदाता है। जिनमें 8.92 लाख पुरुष मतदाता और 7.57 लाख महिला मतदाता है। वहीं शहर में कुल मतदाताओं की संख्या 14.49 लाख है। जिनमें 7.85 लाख पुरुष और 6.63 लाख महिला मतदाता है। कुल बूथों की संख्या 1519 हैं, जिनमें 1263 बूथ नगर निगम क्षेत्र में हैं। आगरा नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले ही प्रत्याशियों के लिए नामांकन स्थल तय हो गए हैं। मेयर प्रत्याशियों और 100 वार्डों के लिए पार्षद प्रत्याशियों के नामांकन पत्र नगर निगम में जमा होंगे। पांच नगर पालिका और सात नगर पंचायतों के चेयरमैन व सभासद प्रत्याशियों के लिए नामांकन स्थल तहसीलों में बनेंगे।पोलिंग पार्टियों की रवानगी व मतगणना नवीन गल्ला मंडी, शाहदरा, फिरोजाबाद रोड से होगी।