आगरा: 20 दिन से भूख हड़ताल कर रहे किसान नेता, दो बार बिगड़ चुकी है तबीयत, फिर भी मांगों पर डटे
इनर रिंग रोड व लैंड पार्सल जमीन खरीद घोटाले के आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर किसान नेता श्याम सिंह चाहर की भूख हड़ताल जारी है। 20वें दिन उनसे मिलने एसडीएम पहुंचे। उन्होंने किसान नेता से बातचीत की, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़े रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में इनर रिंग रोड व लैंड पार्सल जमीन खरीद मामले में घोटाले के विरोध में 20 दिन से जारी किसान नेता श्याम सिंह चाहर की भूख हड़ताल को खत्म कराने के लिए सोमवार को एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी व एडीएम प्रशासन अजय कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। नतीजा शून्य रहा। किसान नेता ने दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज होने तक अनशन तोड़ने से इनकार कर दिया है।
जिला अस्पताल में भर्ती श्याम सिंह चाहर 20 दिन से अनशन पर हैं। दो बार श्याम सिंह की तबियत बिगड़ चुकी है। सोमवार दोपहर 12 बजे प्रशासनिक अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और किसान नेता से आधा घंटे तक बातचीत की। अब तक की कार्रवाई से अवगत कराया, लेकिन उनको अनशन तोड़ने के लिए मना नहीं पाए।
कांग्रेस नेता भी श्याम सिंह चाहर से मिलने पहुंचे
किसानों के समर्थन में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह भी अस्पताल में मिलने पहुंचे। इसी मुद्दे पर सदर तहसील में सोमवार को भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। किसान नेता सोमवीर यादव ने कहा कि 18 अधिकारी-कर्मचारी दोषी मिले हैं। उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
एडीएम सिटी ने बताया कि डीएम की तरफ से तत्कालीन जिला भूमि अध्यप्ति अधिकारी जेपी सिंह सहित 10 लोगों के विरुद्ध आरोप पत्र दायर किया जा चुका है। जिसकी रिपोर्ट कमिश्नर के माध्यम से शासन को भेजी गई है।
आगरा विकास प्राधिकरण व जिला प्रशासन ने वर्ष 2013 से 2017 तक रोहता सहित 16 गांव में 938 हेक्टेयर भूमि का इनर रिंग व लैंड पार्सल के लिए अधिग्रहण किया था। मुआवजा वितरण में अनियमितताएं, करार में गड़बड़ियों के आरोप में एडीए ने आठ अमीनों के विरुद्ध चार्जशीट दायर की है। तत्कालीन एसएलओ व एसडीएम एत्मादपुर जेपी सिंह सहित 10 लेखपाल, अमीनों के विरुद्ध भी चार्जशीट दायर की जा चुकी है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।