आगरा में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़: एटीएम उखाड़ कर ले जाने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, 5.26 लाख रुपये बरामद
आगरा में गुरुवार देर रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया। दो बदमाश फरार हो गए।
विस्तार
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए सीओ सदर राजीव कुमार के नेतृत्व में क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग और एसओजी को लगाया गया था। वारदात में पहले दिन से ही हरियाणा के मेव गैंग का हाथ होने का अंदेशा जताया गया था। एसओजी की टीम पिछले दिनों नूंह, हरियाणा में सुरागरसी के लिए गई थी। इस पर एटीएम उठाकर ले जाने वाले बदमाशों के बारे में जानकारी मिली। टीम बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगी हुई थी।
बृहस्पतिवार की रात मेव गैंग ने एक बार फिर वारदात की तैयारी कर रखी थी। इसके लिए पांच बदमाश आगरा आए थे। रात तकरीबन दो बजे पुलिस ने फतेहाबाद मार्ग पर बदमाशों को घेरा। एकता चौकी क्षेत्र की तरफ से एक सफेद रंग की क्वांटो गाड़ी आती हुई नजर आई। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो, उसमें से पांच बदमाश उतरकर भागने लगे। एक बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। इसमें बदमाश घायल हो गया और गिर पड़ा। पुलिस ने दो और बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो भागने में सफल रहे।
खाली एटीएम भी किया गया बरामद
एसएसपी ने बताया कि घायल बदमाश मेवात स्थित नगीना निवासी जाहुल है, जबकि उसके दो साथियों में नूंह निवासी सद्दाम और राजस्थान के अलवर निवासी नासिर हैं। नूंह निवासी अत्तू और मेवात निवासी मुल्ली भाग गए। गिरफ्तार बदमाशों से तीन तमंचे, कारतूस, एटीएम को लादकर ले जाने में इस्तेमाल की गई गाड़ी और 5.26 लाख रुपये बरामद हुए। उनसे पूछताछ के बाद टाटा इंडिकैश का खाली एटीएम भी बरामद कर लिया। पुलिस गिरोह के फरार सदस्यों को तलाशने में लगी है।
यह रही पुलिस टीम
पुलिस टीम में सीओ सदर राजीव कुमार, थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र बालियान, एसओजी प्रभारी कुलदीप दीक्षित, सर्विलांस प्रभारी सचिन धामा, सीआईडब्ल्यू प्रभारी प्रदीप कुमार, आदेश त्रिपाठी, राजकुमार आदि रहे।