मुंबई एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी का मामला: ऑनलाइन गेमिंग में मिला था टास्क, आरोपी गेम-रील देखने में रहता बिजी
मुंबई एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी को ऑनलाइन गेमिंग में टास्क मिला था। आरोपी गेम-रील देखने में ही बिजी रहता है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में मुंबई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला सोहल्ला का रहने वाला अरविंद राजपूत इंटरमीडिएट पास है। शादी हो चुकी है। वर्तमान में बड़े भाई मनोज के साथ परचून की दुकान चला रहा है। वह अपना ज्यादातर समय मोबाइल में रील देखने और ऑनलाइन गेमिंग में बिताता है। मुंबई पुलिस के उसके घर में दबिश देने पर परिजन को अरविंद की हरकत की भनक लगी। परिजन कह रहे हैं कि आनलाइन गेमिंग में मिले टास्क को पूरा करने के लिए उसने धमकी भरा संदेश भेज दिया।
सोहल्ला में रेलवे फाटक के सामने ही अरविंद का दोमंजिला मकान है। भूतल पर परचून, हलवाई और चाय की दुकान है। पहली मंजिल पर परिवार रहता है। अरविंद के बड़े भाई पवन ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस आई, तब अरविंद दुकान पर ही बैठा था। उसे पकड़ लिया। मोबाइल भी जब्त कर लिया। उसे थाना सदर ले गए। परिजन भी थाने पहुंचे। पता चला कि उसे मुंबई एयरपोर्ट उड़ाने की धमकी देने के मामले में पकड़ा है।
आरोपी अरविंद के पिता सांवलदास की 19 साल पहले मौत हो गई थी। घर में बड़े भाई पुरुषोत्तम दिव्यांग हैं। वह हलवाई का काम करते हैं। उनसे छोटे मनोज की परचून की दुकान है। पवन अलीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। तीन बहनों की शादी हो चुकी है। सवा साल पहले अरविंद की शादी हुई थी।
टोकते थे लेकिन मानता नहीं था
अरविंद दुकान पर बैठने के दौरान हर समय मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलता रहता था। इसके अलावा इंस्टाग्राम रील को देखता रहता था। उसे देखकर कभी नहीं लगा कि वह किसी को धमकी दे सकता है। कई बार दुकान पर आने वाले ग्राहक उसे टोका करते थे। इस कारण घरवाले डांट भी लगाते थे। मगर, वह नहीं मानता था। पुलिस की जांच में उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।
एक हजार में खरीदा मोबाइल
इससे पहले घर पर कभी पुलिस नहीं आई थी। एक सप्ताह पहले ही नया मोबाइल लेकर आया था। तब पूछने पर मोहल्ले के एक युवक का नाम लिया था। बताया कि एक हजार रुपये में युवक उसे मोबाइल देकर गया है। तब से वो उसे ही चला रहा था। परिजन को आशंका है कि अरविंद को आनलाइन गेमिंग के दौरान धमकी का टास्क मिला होगा। उसे यह नहीं पता था कि वह क्या कर रहा है। इस वजह से ही वो धमकी दे बैठा।
मोहल्ले के लोगों में होती रही चर्चा
अरविंद की गिरफ्तारी के बाद मोहल्ले के लोग भी चर्चा करते रहे। कुछ लोग कह रहे थे कि वह आसपास के लोगों से बोलता नहीं है। फिर भी उसके पास अंजान युवकों का आना-जाना लगा रहता है। किसी को धमकी दे सकता है यह किसी ने नहीं सोचा था।
ट्रेनों में सक्रिय चोरी करने वाले गिरोह ने दिया मोबाइल
हाथरस के युवक का मोबाइल रेलवे स्टेशन पर गुम हुआ था। इसके बाद ही वह सोहल्ला के युवक ने ही अरविंद को बेचा था। इससे आशंका है कि ट्रेनों में सक्रिय चोर गैंग ने मोबाइल चोरी किया होगा। उस मोबाइल को अरविंद ने खरीद लिया। सोहल्ला इलाके के लोगों का कहना था कि रेलवे लाइन के किनारे कई युवक खड़े रहते हैं।
पुलिस जुटा रही जानकारी
ट्रेनों के गुजरने के दौरान दरवाजे के पास खड़े होकर मोबाइल से बात करने वाले यात्रियों को निशाना बना लेते हैं। मोबाइल छीनकर फरार हो जाते हैं। जिस युवक से मोबाइल अरविंद ने लिया था, वह युवक भी कई बार मोबाइल चोरी के मामले में जेल जा चुका है। थाना सदर पुलिस युवक के बारे में जानकारी जुटा रही है।