आगरा: शराब पीने के बाद एक और युवक की मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आगरा के डौकी क्षेत्र में शराब पीने से एक और युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने बताया है कि युवक ने बुधवार रात को शराब पी थी। गुरुवार सुबह को तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा जिले के डौकी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन शराब पीने से मौत होना बता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सीओ सत्य नारायण ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत होने के कारण का पता चलेगा।
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव जमुनी निवासी किसान श्रीकृष्ण (35) बुधवार रात खेत पर गया था। उसके परिजनों ने बताया कि श्रीकृष्ण ने कहीं से खरीदकर शराब पी ली थी। देर रात घर लौटने पर उसकी तबीयत खराब होने लगी। वह कम दिखाई देने की शिकायत करने लगा। इसके बाद वह सो गया।
आगरा ले जाते समय हुई मौत
सुबह सोकर उठने पर उसे उल्टियां होने लगीं। इस पर परिवार के लोग उसे नदोता के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा जाते समय उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर लौट आए। शाम मृतक के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी पर क्षेत्राधिकारी सत्यनारायण, एसओ डौकी शेर सिंह पहुंचे। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है तथा रिपोर्ट आने पर मौत के कारण का पता चलेगा। जांच और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीते महीने 18 लोगों की गई थी जान
बता दें कि थाना डौकी, ताजगंज, शमसाबाद और इरादत नगर क्षेत्र में रक्षाबंधन पर शराब पीने के बाद 18 लोगों की जान चली गई थी। दस की मौत जहरीली शराब से होने की पुष्टि हुई थी। बाकी के पोस्टमार्टम नहीं कराए गए थे। पुलिस ने नौ मुकदमे दर्ज किए थे। शराब ठेका संचालक समेत कई अन्य को जेल भेजा था।
संबंधित खबर- आगरा: मैरिज होम में बनी जहरीली शराब पीने से गई थी 18 लोगों की जान, संचालक सहित तीन गिरफ्तार
जहरीली शराब कांड में थाना डौकी पुलिस ने सोमवार रात को इरादत नगर स्थित मैरिज होम पर छापा मारकर तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से शराब बनाने का सामान भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार इसी के मैरिज होम में जहरीली शराब बनाई गई थी।