SSC Exam: आधार कार्ड से फिंगर प्रिंट नहीं मिले तो परीक्षार्थी को बताया फर्जी, ब्लैकमेल कर वसूले 75 हजार रुपये
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वन रक्षक व वन्य जीव रक्षक पद की परीक्षा देने आए युवक से ठगी का मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी को फर्जी परीक्षार्थी बताकर घरवालों से फोन किया। इसके बाद जेल भेजने की धमकी देकर 75 हजार रुपये ठग लिए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वन्य जीव रक्षक की परीक्षा देने आए मैनपुरी के युवक से 75 हजार रुपये की वसूली कर ली गई। आरोप है कि परीक्षा केंद्र पर मौजूद कर्मचारी ने खुद को एसओजी कर्मी बताया। छात्र पर फर्जी परीक्षार्थी का आरोप लगाते हुए उसके भाई से व्हाट्स एप कॉल करके रकम मांगी गई। रकम ऑनलाइन लेने पर ही छात्र को परीक्षा दिलाकर छोड़ा गया। सोमवार को पीड़ित ने एडीजी जोन राजीव कृष्ण से शिकायत की। मामले में एसएसपी को जांच के आदेश दिए गए हैं।
रविवार को यह परीक्षा हुई थी। परीक्षा में शामिल होने के लिए मैनपुरी के कुरावली थाना के गांव खिरिया पीपर निवासी अवनीश यादव ने बताया कि वह बीएससी पास हैं। उनका सेंटर सदर स्थित एक केंद्र में था। वह सुबह समय पर परीक्षा केंद्र में पहुंच गए। गेट पर आधार कार्ड चेक किए जा रहे थे। उन्होंने भी आधार कार्ड दिखा दिया। उनका फिंगर प्रिंट लिया गया। मगर, वो मिल नहीं रहा था। कर्मचारी ने उन्हें लाइन से अलग बुला लिया।
छात्र को जेल भेजने की धमकी दी
कर्मचारी ने कहा कि तुम फर्जी परीक्षार्थी हो। वह खुद को एसओजी कर्मी बताने लगा। इसके बाद जेल भेजने की धमकी दी। अवनीश से भाई लोकेंद्र कुमार का नंबर लिया। उनसे व्हाट्स एप कॉल पर बात करके दो लाख मांगे। रुपये नहीं देने पर मुकदमा दर्ज करके अवनीश को जेल भेजने की कहने लगा। इससे परिजन दहशत में आ गए।
लोकेंद्र कुमार सीआरपीएफ दिल्ली में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने तीन बार में 75 हजार रुपये आरोपी के नंबर पर फोन-पे से ट्रांसफर कर दिए। तब ही अवनीश को परीक्षा देने दी गई। अवनीश को आरोपी खुद अपनी कार से भगवान टॉकीज चौराहे पर छोड़कर गया। पीड़ित ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सोमवार को लोकेंद्र कुमार ने एडीजी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एडीजी ने एसएसपी को जांच कर कार्रवाई के आदेश किए हैं।