{"_id":"6aa4bd7fbbeba3b579001952","slug":"15-year-old-boy-treated-for-stomach-pain-later-found-to-have-krait-snake-venom-2026-09-12","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"यूपी: पेट दर्द का इलाज करते रहे डॉक्टर, किशोर की हालत बिगड़ी तो पता चला ऐसा सच; पैरों तले खिसक गई जमीन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: पेट दर्द का इलाज करते रहे डॉक्टर, किशोर की हालत बिगड़ी तो पता चला ऐसा सच; पैरों तले खिसक गई जमीन
Sat, 12 Sep 2026 08:28 AM IST
Dhirendra Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
Published by: Dhirendra Singh
Updated Sat, 12 Sep 2026 08:28 AM IST
सार
मैनपुरी के 15 वर्षीय अंशुल को रात में जमीन पर सोते समय करैत सांप ने डंस लिया, लेकिन दंश का निशान स्पष्ट नहीं होने से परिजन उसे पेट दर्द का इलाज कराते रहे। हालत बिगड़ने पर फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने लक्षणों से सर्पदंश की आशंका जताई और उसे वेंटिलेटर पर भर्ती किया; उपचार के बाद अब किशोर स्वस्थ है।
विज्ञापन
कैरत के जहर से बचाई जान
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
मैनपुरी के नगला महिपत निवासी 15 वर्षीय अंशुल कुमार रात में जमीन पर सो रहा था। इसी दौरान उसे करैत सांप ने डंस लिया। परिजनों को इसका पता नहीं चला। रात करीब तीन बजे अचानक पेट दर्द के साथ उसकी सांस फूलने लगी। परिजन पहले गांव के झोलाछाप के पास ले गए। आराम न मिलने पर शहर में कई चिकित्सकों को दिखाया लेकिन पेट दर्द का ही उपचार चलता रहा।
विज्ञापन
हालत बिगड़ने पर परिजन अंशुल को बेहोशी की हालत में फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां फिजिशियन डॉ. वरुण गुप्ता ने मरीज की हिस्ट्री और लक्षणों को देखा। जमीन पर सोने और अचानक सांस फूलने की जानकारी मिलने पर सांप के जहर की आशंका हुई। लक्षणों के आधार पर करैत के डसने की संभावना मानते हुए अंशुल को तत्काल वेंटिलेटर पर भर्ती किया उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ और अब वह ठीक है।
विज्ञापन
विज्ञापन
डॉ. वरुण गुप्ता ने बताया कि करैत के डसने के बाद हर बार त्वचा पर स्पष्ट दांत के निशान दिखाई देना जरूरी नहीं है। इसके दांत अपेक्षाकृत छोटे और पतले होते हैं और कई बार दंश के निशान बेहद हल्के रहते हैं। रात में सोते समय डसने पर व्यक्ति को इसका अहसास भी नहीं हो पाता। ऐसे में अचानक पेट दर्द, कमजोरी, पलकें झुकना, निगलने में परेशानी और सांस फूलने जैसे लक्षणों को सामान्य पेट की बीमारी समझना खतरनाक हो सकता है।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
करैत के विष का असर तंत्रिका तंत्र पर पड़ता है। पेट दर्द, उल्टी, कमजोरी, पलकें झुकना, बोलने या निगलने में परेशानी और सांस लेने में दिक्कत इसके प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। गंभीर स्थिति में मरीज बेहोश हो सकता है और सांस लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। यदि रात में जमीन पर सोने वाले व्यक्ति में अचानक ऐसे लक्षण दिखाई दें तो सांप के दंश की आशंका को नजरअंदाज न करें और तत्काल अस्पताल पहुंचाएं।
करैत के विष का असर तंत्रिका तंत्र पर पड़ता है। पेट दर्द, उल्टी, कमजोरी, पलकें झुकना, बोलने या निगलने में परेशानी और सांस लेने में दिक्कत इसके प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। गंभीर स्थिति में मरीज बेहोश हो सकता है और सांस लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। यदि रात में जमीन पर सोने वाले व्यक्ति में अचानक ऐसे लक्षण दिखाई दें तो सांप के दंश की आशंका को नजरअंदाज न करें और तत्काल अस्पताल पहुंचाएं।