{"_id":"2b17b7f2713316aff4e27627b0c6d4c4","slug":"what-water-atm-had-to-drink-water-from-the-hand-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"रिज मैदान पर हफ्ते में हांफ गई वाटर एटीएम स्कीम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रिज मैदान पर हफ्ते में हांफ गई वाटर एटीएम स्कीम
ब्यूरो/ अमर उजाला, शिमला
Updated Tue, 05 Aug 2014 11:44 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हफ्ता भर पहले 28 जुलाई को रिज मैदान में शुरू की गई वाटर एटीएम स्कीम हांफ गई है। पानी की बोतलों का स्टॉक खत्म है। 50 रुपये वाले कार्ड तो बन रहे हैं पर 100 रुपये वाले कार्ड की योजना को बंद कर दिया है। नकद राशि देकर भी पानी पीने वालों को गिलास नहीं दिए जा रहे। लोग वाटर एटीएम पर हाथ में पानी भरकर पीने को मजबूर हैं।
विज्ञापन
28 जुलाई को मुख्यमंत्री ने रिज मैदान पर राज्य के पहले वाटर एटीएम का उद्घाटन किया था। अब तक 400 से अधिक लोगों ने यहां वाटर एटीएम कार्ड बनवा लिए हैं लेकिन सोमवार से 100 रुपये की योजना को बंद कर दिया है। एटीएम में तैनात कर्मी के पास पानी की विशेष तरह की बोतलों का स्टॉक भी खत्म हो चुका है।
विज्ञापन
कार्ड बनवाने आ रहे लोगों को 50 रुपये का कार्ड ही दिया जा रहा है। 50 रुपये के कार्ड में 50 लीटर पानी का बैलेंस दिया जा रहा है। नकद राशि देने पर 50 पैसे में गिलास के साथ एक लीटर पानी देने की योजना भी बंद हो गई है।
विज्ञापन
गिलास नहीं हैं। नकद राशि देने वाले लोगों को अपनी बोतलें लानी पड़ रही हैं। जिनके पास बोतल नहीं है, उन्हें वाटर एटीएम के नल से हाथ में भरकर पानी पीना पड़ रहा है। मशीन को स्थापित करने के समय शहरवासियों को सभी सुविधाएं देने का दावा किया था लेकिन हफ्ते में ही दावे की हवा निकल गई है।
पीरामल सर्व जल कंपनी के स्थानीय प्रतिनिधि प्रवीण कुमार का कहना है कि कुछ लोगों ने बोतल के रेट को लेकर आपत्ति जताई है। इसके चलते बोतल नहीं दी जा रही है। जिन लोगों को बोतल चाहिए, उनके फोन नंबर नोट कर रहे हैं।
50 लोगों की डिमांड होते ही बोतलें उपलब्ध करवा दी जाएंगी। कंपनी की ओर से 100 रुपये देने वालों को फोन किए जाएंगे। नकदी देकर पानी पीने वालों को गिलास देने का कंपनी का वादा है लेकिन गिलास रखने को जगह नहीं मिल रही है। जगह का बंदोबस्त होते ही गिलास मुहैया करवा देंगे।