प्रस्ताव तैयार: एचपीयू शिमला में शुरू होगा बीएससी आपदा प्रबंधन पाठ्यक्रम, कार्यकारी परिषद से मिल चुकी मंजूरी
प्रदेश विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में स्नातक स्तर की पढ़ाई का नया विकल्प मिलने जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएससी आपदा प्रबंधन कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में स्नातक स्तर की पढ़ाई का नया विकल्प मिलने जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएससी आपदा प्रबंधन कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है। अब विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा। परिषद से मंजूरी मिलने के बाद कोर्स शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसका संचालन आपदा प्रबंधन एवं हिमालयन शोध केंद्र के तहत किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश भूकंप, भूस्खलन, बादल फटने, बाढ़ और जंगल की आग जैसी प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है।
ऐसे में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं की जरूरत बढ़ रही है। प्रस्तावित बीएससी कोर्स के जरिये विद्यार्थियों को आपदा से जुड़े वैज्ञानिक, तकनीकी और प्रबंधन संबंधी पहलुओं की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें आपदा के जोखिम को समझने और आपात स्थिति में प्रभावी तरीके से काम करने के लिए तैयार किया जा सकेगा। प्रस्तावित कोर्स में आपदा से पहले की तैयारी, जोखिम का आकलन, बचाव एवं राहत कार्य, आपदा के बाद पुनर्वास और पुनर्निर्माण जैसे पहलुओं को शामिल किए जाने की संभावना है। हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और यहां आने वाली प्राकृतिक आपदाओं को भी अध्ययन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जा सकता है।