{"_id":"3c5f7beaa72b13ad4cd2b1d00d79ed5b","slug":"water-atm-facility-in-shimla-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुफ्त तो दूर पैसे देकर भी नहीं मिला पानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मुफ्त तो दूर पैसे देकर भी नहीं मिला पानी
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
Updated Wed, 20 Jan 2016 12:43 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में पीलिया को लेकर इस कदर खौफ फैला हुआ है कि घर से बाहर लोग पानी पीने तक से गुरेज कर रहे हैं। इस गंभीर स्थिति में पीलिया को नियंत्रित करने के लिए ठोस प्रयास करने की जगह प्रशासन लोगों को गुमराह करने में जुटा हुआ है। सरकार के अफसर खुद जहां सरकारी खर्चे पर बोतल बंद पानी पी रहे हैं वहीं लोगों को वाटर एटीएम से मुफ्त पानी उपलब्ध करवाने की घोषणा कर ठगा जा रहा है।
विज्ञापन
डीसी शिमला ने सोमवार को एपीडेमिक डिजीज एक्ट-1897 के तहत अधिसूचना जारी कर विकासनगर वाटर एटीएम से लोगों को मुफ्त पानी उपलब्ध करवाने की घोषणा की लेकिन मंगलवार को जब लोग पीने का पानी लेने वाटर एटीएम पर पहुंचे तो मुफ्त तो दूर लोगों को पैसे देकर भी पानी नहीं मिला। हालांकि दोपहर बाद वाटर एटीएम कार्ड
विज्ञापन
पर पानी मिलना शुरू हो गया लेकिन प्रशासन की घोषणा के अनुरूप मुफ्त पानी की व्यवस्था नहीं हो पाई। डीसी शिमला की अध्यक्षता में सोमवार को नगर निगम और आईपीएच के अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित बैठक में विकासनगर वाटर एटीएम से लोगों को निशुल्क पीने का पानी उपलब्ध करवाने का फैसला लिया था।
विज्ञापन
ओल्ड बस स्टैंड में भी नहीं मिला पानी- ओल्ड बस स्टैंड में लगाया गया वाटर एटीएम मंगलवार को दिन भर सुनसान पड़ा रहा। ‘अमर उजाला’ की टीम शाम 4 बजे ओल्ड बस स्टैंड वाटर एटीएम का जायजा लेने पहुंची। वाटर एटीएम पर कोई कर्मचारी तैनात नहीं था।
बस स्टैंड में मौजूद लोगों ने बताया कि पैसे देकर भी इस एटीएम से पानी नहीं मिल पा रहा है। वाटर एटीएम में दर्शाए गए मोबाइल नंबर पर जब संपर्क किया गया तो कर्मचारी ने बताया कि वह पूरे दिन बस स्टैंड में मौजूद था, थोड़ी देर बस स्टैंड से बाहर धूप सेंकने गया था।
रिज वाटर एटीएम पर कर्मी मौजूद, ग्राहक नदारद- ‘अमर उजाला’ की टीम रिज मैदान पर स्थापित वाटर एटीएम का जायजा लेने दोपहर 12 बजे रिज मैदान पर पहुंची। वाटर एटीएम पर कर्मचारी तैनात था। कर्मचारी ने बताया कि इन दिनों कम संख्या में ही लोग वाटर एटीएम का इस्तेमाल कर रहे हैं। मालरोड और लोअर बाजार से दुकानदार जरूर सुबह के समय पानी ले जाते हैं। इन दिनों नए कार्ड भी कम ही बन रहे हैं।
वाटर एटीएम से नहीं मिला मुफ्त पानी- विकासनगर वाटर एटीएम से मंगलवार को लोगों को मुफ्त पानी नहीं मिला। भारी संख्या में एटीएम पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। प्रदेश सरकार ने लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने के लिए वाटर एटीएम स्थापित किए हैं। पीलिया प्रभावित क्षेत्र होने के कारण छोटा शिमला बाजार
और देवनगर में अतिरिक्त एटीएम तुरंत स्थापित किए जाने चाहिए। मंगलवार को विकासनगर एटीएम में कर्मचारी तैनात नहीं थी जिसकी वजह से लोगों को वाटर एटीएम कार्ड रिचार्ज करने की सुविधा नहीं मिली, स्थानीय लोगों को यह काम सौंपा जाना चाहिए। - सुरेंद्र चौहान,पार्षद, छोटा शिमला
उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि विकासनगर वाटर एटीएम से लोगों को मुफ्त पानी मिला ही नहीं है। इस वाटर एटीएम की भंडारण क्षमता कम है, जिसके कारण मंगलवार को सुबह के समय थोड़े लोगों को ही मुफ्त पानी मिला। इस वाटर एटीएम के साथ दो अतिरिक्त पानी के टैंक जोड़ दिए गए हैं। बुधवार से अधिक लोगों को यहां पीने का पानी मुफ्त मिल सकेगा।