कार दुर्घटनाग्रस्त में शिक्षक की मौत, चलती बस से गिरा बेलदार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। तीसा उपमंडल के नकरोड़-चरड़ा मार्ग पर चरड़ा बस स्टैंड के समीप निजी कार डेढ़ सौ मीटर खाई में लुढ़कने से शिक्षक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान प्रेम लाल पुत्र नुरद्द निवासी गांव भूलैण डाकघर चरड़ा तहसील चुराह चंबा के रूप में हुई। प्रेमलाल बघेईगढ़ स्कूल में बतौर जेबीटी अध्यापक तैनात था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
इसके साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रेमलाल हर रोज की तरह घर से निकला। मगर जैसे ही चरड़ा बस स्टैंड के समीप पहुंचा तो गाड़ी से नियंत्रण खो दिया।
इससे गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में मौके पर ही प्रेमलाल ने दम तोड़ दिया। हादसे के समय वह कार में अकेला ही सवार था। गाड़ी के खाई में गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को इस बारे सूचित दी।
इसके बाद पुलिस ने लोगों के साथ मिलकर शव को खाई से निकाला और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
चलती बस से गिरकर लोनिवि के बेलदार की मौत
पुलिस थाना सुजानपुर के तहत हिमाचल पथ परिवहन निगम की चलती बस से एक यात्री गिर गया। जिसकी अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहारी लाल निवासी गांव कसीरी महादेव, उपमंडल सुजानपुर जिला हमीरपुर के रूप में हुई।
बिहारी लाल लोक निर्माण विभाग के जेई सेक्शन चौरी में बेलदार के पद पर कार्यरत था। सोमवार को उसकी लोनिवि के चौरी स्थित सेक्शन कार्यालय में रात्रि ड्यूटी थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह एचआरटीसी की बस में सवार होकर चौरी से अपने घर कसीरी महादेव जा रहा था।
इस दौरान रास्ते में अचानक बस की दरवाजा खुल गया और वह बस से नीचे गिर गया। घायल होने के बाद उसे उपचार के लिए हमीरपुर अस्पताल ले जाया रहा था लेकिन घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
ऐसे हुआ हादसा
वहीं हमीरपुर एचआरटीसी बस अड्डा प्रभारी बलवीर सिंह पटियाल ने कहा कि निगम की बस में मंगलवार सुबह सुजानपुर से हमीरपुर वाया चौरी कोट कलंझड़ी आते समय दरवाजा खुलने से एक यात्री बस से गिर गया था।
जिसकी बाद में अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। बलवीर ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस से गिरने के बाद यात्री बिल्कुल ठीक था और उसने लोगों से बातचीत भी की। हो सकता है कि रास्ते में हृदयगति रुकने से उसकी मौत हुई हो।
उधर, थाना प्रभारी सुजानपुर श्याम लाल ने कहा कि बस से गिरने से एक यात्री घायल हुआ था, जिसकी बाद में उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।