ट्रक के पीछे जा घुसी तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भंगरोटू के समीप बाइक और ट्रक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत नाजुक है। जिसका उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। हादसे के संदर्भ में मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। हादसे का कारण बाइक का तेज गति में होना माना जा रहा है।
पुलिस के प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार रात्रि करीब साढ़े दस बजे बाइक सवार नेरचौक से भंगरोटू जा रहे थे। रास्ते में इसी एनएच पर ट्रक मुड़ रहा था। बाइक तेज रफ्तार में होने कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बाइक सवार तीनों घायलों को स्थानीय रत्ती अस्पताल ले गए।
जहां नाजुक हालत को देखते डॉक्टरों ने तीनों को जोनल अस्पताल मंडी रेफर कर दिया। यहां दो युवकों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि अन्य युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान जितेंद्र 23 पुत्र विक्रम सिंह निवासी चौगान भंगरोटू और दीपक 24 पुत्र दुनी चंद निवासी चाक का गोहर नेरचौक के रूप में हुई है। जबकि मुनीष 19 पुत्र हेमराज निवासी ढांगू को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध आईपीसी की धारा 279, 337, 304ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध 186 एमवी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस जांच में अभी बाइक कौन चला रहा था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल मुनीष भी बयान देने की स्थिति में नहीं है। इधर, बल्ह पुलिस थाना के एसएचओ संजीव सूद ने बताया कि घटनास्थल का दौरा कर लिया गया है। मामला दर्ज कर जांच जारी है।
कार खाई में गिरी, शिक्षक की मौत
वहीं, जोगिंद्रनगर के ऐहजू के समीप कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक शिक्षक की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य दुर्घटना में कार और बाइक टक्कर हो गई। जिसमें दो युवक घायल हो गए। दोनों को जोगिंद्रनगर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऐहजू के भैरू गांव निवासी शिक्षक वजीर चंद अपनी कार से नमेलरी स्कूल में ड्यूटी देनेे जा रहे थे। इसी बीच डुहगधार के पास उनकी कार करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में उनकी मौत हो गई। वहीं, मंडी पठानकोट राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर चौंतड़ा वन विश्राम गृह मोड़ पर एक कार और बाइक में टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह से घायल हो गए। जिनको अन्य गाड़ी में जोगिंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। घायल युवकों की पहचान अनुज कुमार पुत्र खेम राज और विनय कुमार पुत्र दान सिंह निवासी राजा के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी घट्टा के हेडकांस्टेबल अमर सिंह और स्वामी सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इधर, एसपी मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने हादसों की पुष्टि की है।