जोगिंद्रनगर में फिर चोरी होने से उबले व्यापारी, थाने का घेराव, बढ़ा तनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक शोरूम समेत छह दुकानों के ताले तोड़ने के दो दिन बाद ही पुलिस की नाक तले चोरों ने जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन चौक के समीप फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। शातिरों ने इस बार शहर के बीचोंबीच विकास ट्रेडर की दुकान को निशाना बनाया। पचास हजार से अधिक की नकदी और कुछ सामान पर हाथ साफ कर लिया।
शनिवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कारोबारी भी एकत्र हो गए और लोगों का आक्रोश पुलिस की कार्यप्रणाली पर फूट पड़ा। आरोप लगाए कि गैर जिम्मेदाराना रवैये से शहर में चोरियां बढ़ रही हैं। करीब ग्यारह बजे कारोबारी एकत्र होकर सड़कों पर उतर आए।
पुलिस थाना का घेराव कर डाला। जमकर नारेबाजी होने लगी। इस दौरान व्यवसायियों और पुलिस के बीच में कहासुनी होने लगी। समूचे शहर सहित पुलिस थाना परिसर में भी तनाव पैदा हो गया। थाना परिसर और शहर में काफी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया। बताया जा रहा है कि दुकान की तीसरी मंजिल पर शातिर पाइपलाइन से चढ़े और दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए।
थाने के मुख्य द्वार पर रोके कारोबारी
उग्र धरने को देखते हुए पुलिस ने व्यापारियों को थाने के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। थाने के अंदर प्रवेश करने के लिए कुछ ही व्यापारियों को अनुमति दी। एकत्र व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। तभी थाना प्रभारी ने पहले व्यापारियों को शांत करवाया और फिर उनकी समस्याओं को ध्यान से सुनते हुए कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बढ़ रही चोरियां, कौन सुने हमारी
प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओंकार शर्मा, महामंत्री रूपेश सैन ने थाना परिसर में पुलिस के सामने व्यापारियों को संबोधित किया। कहा कि शहर में चोरियां लगातार बढ़ रही हैं। सुनने वाला कोई नहीं। इससे पहले व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष ज्ञान ठाकुर, मुख्य सलाहकार सुमित सूद ने भी बढ़ती चोरी की घटनाओं पर पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए खूब भड़ास निकाली।
इस दौरान खूब गरमाया माहौल
नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अजय धरवाल और पुलिस अधिकारी के बीच खूब बहस हुई। चोरी की वारदातों पर व्यापार मंडल और पुलिस की आपसी बातचीत के दौरान नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष कूद पड़े। इससे पुलिस थाने का माहौल गरमा गया।
सीसीटीवी से भी तोड़फोड़
शातिरों ने दुकान में घुसकर सीसीटीवी को भी तोड़ने की कोशिश की है। एएसआई पवन कुमार ने जब दुकान के अंदर मौजूद सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला तो दो युवक दुकान के अंदर घुस कर चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए। फुटेज पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
टाइम लाइन: इसलिए कारोबारियों का टूटा सब्र का बांध
- 14 अगस्त को शहर के साईं मंदिर और साथ लगते एक अन्य मंदिर का चढ़ावा गायब
- 15 अगस्त को साईं मार्केट में ही मनियारी ( कन्फेक्शनरी ) विक्रेता की दुकान में चोरी
- 17 अगस्त को रेलवे स्टेशन चौक पर विकास ट्रेडर की दुकान में पहली चोरी की वारदात
- 27 अगस्त को व्यापारियों ने एसपी गुरदेव शर्मा के जोगिंद्रनगर प्रवास के दौरान सौंपा ज्ञापन
- 29 अगस्त देर रात शहर में एक शोरूम समेत छह दुकानों के ताले टूटे, लोगों ने भगाए शातिर
- 30 अगस्त देर रात चोर गिरोह ने फिर रेलवे स्टेशन स्थित थोक विक्रेता विकास ट्रेडर की दुकान में की चोरी