रोमांच के चरम तक पहुंची सीडब्ल्यूई हेवीवेट चैंपियनशिप का आगाज रॉलब रंबल के साथ हुआ जो धीरे-धीरे हार्ड कोर फाइट में बदल गई। प्रशिक्षित देसी व विदेशी पहलवानों ने एक दूसरे पर कुर्सियों से हमला किया। जब तक प्रतिद्वंद्वी पहलवान ने हार स्वीकार नहीं की तब तक फाइट जारी रही।
दस हजार की क्षमता वाले सोलन के पुलिस मैदान में शनिवार को भारी संख्या में लोग मौजूद थे। शुरूआत में रॉयल रंबल मैच में 25 भारतीय पहलवानों पर एक विदेशी पहलवान भारी पड़ गया। क्रिमसन ने सभी पहलवानों को एक-एक करके रिंग से बाहर फेंक दिया।
रॉयल रंबल के आखिरी दौर में मंडी के पहलवान प्रजापति ने भी जगह बनाए रखी। लेकिन आखिरी क्षणों में प्रिंस ने प्रजापति को बाहर धकेल दिया और आखिरी राउंड में क्रिमसन ने प्रिंस को बाहर धकेल कर मैच जीत लिया।
इसके बाद हुए टैग टीम मुकाबले में दिनेश व आदेश की जोड़ी ने विदेशी पहलवान क्रिस व हरेंस की जोड़ी को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इसके बाद एकल मुकाबले में हिटलर ने शानदार दांवपेंच लगाते हुए राकिंग अली को धुल चटाई।
टैग टीम के एक अन्य मुकाबले में जस्टिस व कोंवोकोंग की जोड़ी ने खली की रेस्लिंग अकादमी के पहलवान साहिल व सुखी की जोड़ी को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। हालांकि इन दोनों की जिताने में एक अन्य विदेशी पहलवान ने भी मदद की।