Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   jairam thakur attack sukhu government anni kullu

हिमाचल: आनी में जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- बंद कर दिए अस्पताल, स्कूल और सरकारी संस्थान

Tue, 10 Nov 2026 03:24 PM IST
Ankesh Dogra न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: Ankesh Dogra Updated Tue, 10 Nov 2026 03:24 PM IST
सार

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आनी में आयोजित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने आनी क्षेत्र में कई विद्यालय, अस्पताल, कार्यालय और पशु चिकित्सालय बंद किए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, सड़कों, बस रूटों और चुनावी गारंटियों को लेकर भी सरकार से सवाल किए।

विज्ञापन
jairam thakur attack sukhu government anni kullu
नेता विपक्ष जयराम ठाकुर संबोधित करते हुए। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आनी में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अपने लोगों की परेशानियां दूर करने और उनका बोझ कम करने का सुख अलग होता है। इसी क्षेत्र में जन्म लेने और पले-बढ़े होने के कारण वह यहां के लोगों की समस्याओं और दुश्वारियों को अच्छी तरह समझते हैं।

विज्ञापन


जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी पिछली सरकार ने लोगों की सुविधाओं के लिए काम किया और कोविड महामारी के बावजूद सड़क निर्माण के क्षेत्र में रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने बुजुर्गों को पेंशन देने की दिशा में पहली कैबिनेट में ही प्रयास शुरू किए थे।

विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

आनी में संस्थान बंद करने का लगाया आरोप
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सत्ता संभालने के बाद लोगों की सुविधा के लिए खोली गई एक हजार से अधिक संस्थाओं को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र में विद्यालयों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों के साथ आधा दर्जन से अधिक पशु चिकित्सालय भी बंद किए गए। उन्होंने कहा कि आनी क्षेत्र पशुपालन और दुग्ध उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में पशुओं के उपचार के लिए पशु चिकित्सालयों की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार पर पशुपालकों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
 

बीबीएमबी और वाइल्डफ्लावर हॉल को लेकर भी उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर उपलब्धियों का श्रेय लेने का आरोप लगाते हुए बीबीएमबी और वाइल्डफ्लावर हॉल का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी की अंतिम जीत वर्ष 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की सरकार के दौरान हुई थी। वहीं, वाइल्डफ्लावर हॉल से जुड़ी जीत अक्तूबर 2022 में मिली थी, जबकि सुखविंद्र सिंह सुक्खू इसके दो महीने बाद मुख्यमंत्री बने थे।

सुंदर सिंह ठाकुर को लेकर भी की टिप्पणी
जयराम ठाकुर ने विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को लेकर भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंत्री बनाने के नाम पर उन्हें लंबे समय से इंतजार करवाया जा रहा है। उन्होंने सलाह दी कि सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री पद के बजाय अपने स्वाभिमान को प्राथमिकता देनी चाहिए और मुख्यमंत्री से स्पष्ट कह देना चाहिए कि उन्हें मंत्री नहीं बनना है।

पंचायत चुनाव और कांग्रेस की हार का किया दावा
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी सरकार की स्थिति को देखते हुए पंचायत चुनाव नहीं करवाना चाहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव रोकने के लिए मामला सुप्रीम कोर्ट तक ले जाया गया और वकीलों पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव करवाने के लिए प्रयास किए और अंततः चुनाव हुए। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को 12 में से 11 जिलों में हार का सामना करना पड़ा, जबकि चंबा में भाजपा एक वोट से पीछे रह गई। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस की हार का दावा किया।

चुनावी गारंटियों और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सरकार को घेरा
नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि प्रदेश की कितनी महिलाओं को 1,500 रुपये की सम्मान राशि दी गई है। उन्होंने युवाओं को रोजगार देने के वादे पर भी सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि कोविड के दौरान मरीजों की मदद करने वाले कुछ युवाओं को भी नौकरी से हटा दिया गया। उन्होंने आनी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की कमी है। कई जगह एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बसों के आधे से अधिक रूट बंद हैं और दूध उत्पादकों को भुगतान समय पर नहीं मिल रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री आपदा के दौरान आनी विधानसभा क्षेत्र में केवल एक बार पहुंचे, जबकि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में वह सात बार यहां आए थे। उन्होंने अपनी सरकार के दौरान सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और जल जीवन मिशन के तहत सैकड़ों करोड़ रुपये की योजनाएं चलाने का दावा किया।

विधायक लोकेंद्र कुमार के काम की सराहना
इस दौरान जयराम ठाकुर ने आनी के वर्तमान विधायक लोकेंद्र कुमार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विधायक क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में शामिल हो रहे हैं और विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने आगामी चुनाव में लोकेंद्र कुमार को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। कार्यक्रम में उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया। जनसभा में उमड़े उत्साह का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को पिछले चुनावों से अधिक समर्थन मिलेगा।

डबल इंजन सरकार बनाने का किया आह्वान
जयराम ठाकुर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने पर हिमाचल प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगली सरकार बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा और भाजपा के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed