चंडीगढ़ मनाली हाइवे पर टैंकर ने मां-बेटे को कुचला, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ मनाली हाइवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूटी स्किड होने से मां बेटा सड़क पर जा गिरे। वहीं पीछे से आ रहे एक टैंकर ने दोनों को कुचल डाला। हादसा मंडी के सुंदरनगर के जड़ोल के पास हुआ। वहीं गंभीर रूप से घायल पति को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भरती करवाया गया है। मृतक यहां के बनायक के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार बनायक निवासी दीप सिंह अपनी पत्नी व बेटे के साथ स्कूटी पर सवार हो शनिवार दोपहर बाद सलापड़ की ओर जा रहा था। जब वह जड़ोल के निकट पहुंचे तो उनकी स्कूटी स्किट होकर सड़क में जा गिरी।
इससे दीप सिंह उसकी पत्नी सपना और बेटा आयुष भी सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक पानी के टैंकर चालक का ध्यान सड़क पर गिरे हुए दंपति व उसके बच्चे पर नहीं पड़ा, जिसके कारण टैंकर स्कूटर सहित उन पर जा चढ़ा।
मौके पर ही तोड़ा दम
टैंकर से कुचल कर सपना (30) और उसके बेटे आयुष (7) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दीप सिंह (40) हादसे में गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर तहसीलदार वेद प्रकाश व पुलिस दल मौके पर पहुंचा। तहसीलदार वेद प्रकाश ने बताया कि प्रशासन ने प्रभावित परिवार को फौरी सहायता के रुप में 20 हजार की राशि प्रदान की है।
डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया शवों को पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल में करवाया जा रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच आरंभ कर दी है। इधर, मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, जिला भाजपा के अध्यक्ष राकेश जम्बाल व पूर्व मंत्री रुप सिंह ठाकुर ने इस घटना पर शोक जताया है।
मारुति कार खाई में लुढ़की दो युवकों की मौत
वहीं, ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर गुम्मा के पास अणु में देररात एक मारुति कार दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार देर रात हुई। मारुति कार एचपी 14 सी-0425 ठियोग हाटकोटी मार्ग से होकर छैला से गुम्मा की ओर आ रही थी। इसी बीच अणु में गाड़ी अचानक सौ फीट गहरी खाई में लुढ़क गई। शनिवार सुबह किसी स्थानीय व्यक्ति ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को देखा।
इसकी तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। गाड़ी में सवार ऊना की बगाणा तहसील के बड़ोवा गांव निवासी रजनीश तथा ऊना की बगाणा तहसील के हाटली गांव निवासी राजीव (30) की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शवों को खाई से निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए कोटखाई अस्पताल पहुंचाया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस थाना कोटखाई के प्रभारी धर्म सैन नेगी ने बताया कि गाड़ी में दो व्यक्ति सवार थे। पेशे से दोनों गाड़ी मकैनिक हैं।
नेरवा में कार गिरी, एक युवक की मौत
नेरवा के स्थानीय बाजार से करीब आठ किलोमीटर दूर थरोच सड़क पर मारुति आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें एक व्यक्ति की मौत और एक अन्य घायल हो गया। दोनों जिला परिषद के चुनाव परिणाम आने के बाद थरोच से नेरवा लौट रहे थे। हादसा शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ साढ़े बजे हुआ। हादसे में मृतक भगत राम शर्मा और घायल जय लाल चौहान गडा गांव के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार वे दोनों थरोच गांव में जिला परिषद सदस्य की जीत की खुशी में आयोजित कार्यक्रम में गए थे। वहां से लौटते समय कार खाई में गिर गई। हादसे की सूचना के बाद लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही भगत राम शर्मा (40) ने दम तोड़ दिया। दूसरे गंभीर रूप से घायल जय लाल चौहान (43) को प्राथमिक उपचार के लिए नेरवा अस्पताल पहुंचाया गया।
उसे नेरवा से प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया। एएसआई कमलेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार नेरवा मोही राम चौहान ने मृतक के परिवार को दस हजार रुपये की फौरी राहत दी। उन्होंने हादसे की पुष्टी भी की है। चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा ने सड़क हादसे पर शोक जताया।