बड़ी खबर: हिमाचल में यहां स्मार्ट हिल टाउन बनाने जा रही है सरकार
सिंगापुर सरकार के सहयोग से हिमाचल सरकार शिमला जिले में एक स्मार्ट हिल टाउन बनाने जा रही है। यह शहर शिमला से करीब 18 किलोमीटर दूर जाठिया देवी में बसेगा। इससे क्षेत्र के विकास के साथ रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
हिल टाउन में विशेष आर्थिक क्षेत्र, अंतरराष्ट्रीय शिक्षा क्षेत्र, समावेशी बस्तियां, मनोरंजक क्षेत्र, सम्मेलन केंद्र, पार्क, शॉपिंग मॉल आदि विकसित किए जाएंगे। राज्य सरकार के पास यहां करीब 450 बीघा भूमि उपलब्ध है, जिससे इस योजना को आसानी से सिरे चढ़ाया जा सकेगा।
पहला ‘स्मार्ट हिल टाउन’ बनाने के लिए सिंगापुर सरकार के साथ इस महीने 27 फरवरी को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। सिंगापुर सरकार ने इस प्रस्ताव पर 2500 करोड़ रुपये निवेश करने के लिए सहमति दी है। जाठिया देवी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र शिमला ग्रामीण में आता है।
स्मार्ट हिल टाउन में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सभी सुविधाएं मिलेंगी
सीएम वीरभद्र सिंह ने वीरवार को राज्य सचिवालय में शहरी विकास विभाग के तहत नगर निगम क्षेत्र के दायरे की योजनाओं की समीक्षा बैठक में कहा कि स्मार्ट हिल टाउन में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सभी सुविधाएं होंगी।
नई योजना से आबादी को संतुलित ढंग से स्थापित किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि स्मार्ट हिल टाउन में आतिथ्य, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में प्रचुर मात्रा में अवसर प्रदान किए जाएंगे।
मीटिंग में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सलाहकार टीजी नेगी, अतिरिक्त प्रधान सचिव मनीषा नंदा, सचिव अनुराधा ठाकुर, मोहन चौहान, प्रबंध निदेशक एचपीटीडीसी दिनेश मल्होत्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।