शिमला के कुफरी, नारकंडा में सीजन का पहला हिमपात, पहाड़ियों पर बिछी सफेद चादर
जिला शिमला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुफरी, फागू, नारकंडा और खड़ापत्थर में बुधवार रात सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। हिमाचल के पहाड़ों पर तीन दिनों से रुक-रुककर बर्फबारी के बीच मनाली में भी सीजन का पहला हिमपात हो गया है।
पर्यटन नगरी मनाली में हल्का हिमपात हुआ है। बर्फ के फाहों में पर्यटकों ने देर शाम तक लुत्फ उठाया। इसी बीच, रोहतांग समेत प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में तीसरे दिन भी बर्फबारी का दौर जारी रहा।
शिमला के अतिरिक्त प्रदेश के कई इलाकों में बारिश भी हुई। मौसम के इस बदले मिजाज के चलते प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। जनजातीय जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। प्रदेश में तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के चार शहरों में तापमान माइनस में रिकॉर्ड किया गया है। केलांग में -3.3, मनाली में -1.2, कल्पा में -0.8 और कुफरी में -0.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी शिमला में भी न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Shimla: Narkanda receives fresh snowfall. #HimachalPradesh pic.twitter.com/9QiBIJlEAX
— ANI (@ANI) November 15, 2018