मणिपुर हमले में हिमाचल के 7 जवान देश पर कुर्बान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल की वादियां दुख और शोक के साए में डूब गईं हैं। मणिपुर में सेना के काफिले पर घात लगाकर किए गए कायराना उग्रवादी हमले में शहीद हुए अट्ठारह जवानों में से 7 जवान अकेले हिमाचल के हैं। ये सभी जवान ड्यूटी बिफोर डेथ के सूत्र वाक्य वाले डोगरा रेजिमेंट के थे। सेना पर हुए संभवत: अब तक के सबसे बड़े उग्रवादी हमले में मंडी के तीन, सिरमौर के 2 जबकि बिलासपुर और कांगड़ा का 1-1 जवान देश पर कुर्बान हो गए।
एक साथ 7 गबरूओं की शहादत की सूचना मिलते ही पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है, लेकिन शहादत पर हिमाचल फक्र भी कर रहा है। शहीद हुए सभी जवानों की उम्र 36 वर्ष से कम है। इनमें दो 26 साल के हैं। शहादत पाने वाले जवानों की सूचना सेना की ओर से उनके परिजनों और प्रदेश सरकार को दे दी गई है।
शनिवार देर शाम तक पहुंच सकते हैं शहीदों के पार्थिव शरीर
सिरमौर एवं बिलासपुर के जवानों की शहादत की सूचना वीरवार रात को ही मिल गई थी, जबकि कांगड़ा और मंडी के जवानों के शहीद होने की खबर शुक्रवार सुबह परिजनों को मिली। हिमाचल के मुख्य सचिव पी मित्रा का कहना है कि शहीदों के पार्थिव शरीर शनिवार देर शाम तक पहुंच सकते हैं।
सेना की ओर से शनिवार को चंडीगढ़ और पठानकोट में पार्थिव देह पहुंचाने को कहा गया है। उग्रवादियों ने वीरवार को सेना के 6 डोगरा रेजीमेंट की एक टीम पर इंफाल से करीब 80 किमी दूर हमला किया था। इसमें हिमाचल के 7 गबरुओं के अलावा जम्मू-कश्मीर के 6, यूपी के दो, जबकि पंजाब, कर्नाटक और मध्यप्रदेश का एक-एक जवान शहीद हो गए।
8 जवान हैं घायल
इस उग्रवादी हमले में हिमाचल के 8 जवानों के घायल होने की भी सूचना है। इनमें कांगड़ा के 6, चंबा और कुल्लू का एक-एक जवान शामिल है। उधर, शहीदों के अंतिम संस्कार के लिए प्रदेश सरकार की ओर से संबंधित जिलों के प्रशासन को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
हिमाचल के ये गबरू हुए देश पर कुर्बान
1. हवलदार- राजेश कुमार (34) हीरापुर, घुमारवीं (बिलासपुर)
2. हवलदार- प्रकाश चंद (36) सियों, पधर (मंडी)
3. नायक- अशोक कुमार (35) डसाकना, संगड़ाह (सिरमौर)
7. लांस नायक- रजनीश सिंह (34) मूहीं, देहरा (कांगड़ा)
5. सिपाही- मनोज कुमार (31) मसेरन, द्रंग (मंडी)
6. सिपाही- विकास भारद्वाज (26) पटनू, लडभड़ोल (मंडी)
7. सिपाही- सोहन सिंह (26) मानपुर, पांवटा साहिब (सिरमौर)