मोदी सरकार ने आतंकवाद नियंत्रित किया: सतपाल सत्ती
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने शिमला से जारी बयान में कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने आतंकवादी हमलों का जवाब देने के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत सरकारों की कथित डरपोक नीति के विपरीत साहसिक कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के साहसिक रवैये के कारण ही भारत में आतंकवाद को नियंत्रित कर लिया गया है और आतंकवाद मात्र जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों तक ही सीमित रह गया है।
सत्ती ने कहा कि वर्ष 2014 तक भारत में क्या हालत थी। आए दिन देश के अलग-अलग भागों में बम धमाके होते रहते थे। तब कांग्रेस सरकार बिना कोई कार्रवाई किए श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित करती थी।
केंद्र में मोदी सरकार आने पर कांग्रेस की रीति नीति को बदला गया और किसी भी आतंकवादी घटना होने के बाद उस पर कड़ी कार्रवाई करने की नीति मोदी सरकार ने बनाई।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं की कथनी और करनी में अंतर के कारण आज राजनीति में विश्वास का संकट पैदा हो गया है। भाजपा ने इस विश्वास के संकट को चुनौती के तौर पर स्वीकार किया है।
सुप्रीम कोर्ट की अवमानना कर आग से खेल रहे राहुल: रणधीर
हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट का नाम लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चोर बताने वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आग से खेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आज उनका माफीनामा और सर्वोच्च अदालत की आपराधिक अवमानना संबंधी भाजपा की याचिका को बंद करने की फरियाद खारिज करके उचित ही किया।
अब राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट की आपराधिक अवमानना का औपचारिक नोटिस जारी किया गया है जिस पर सुनवाई 30 अप्रैल को होगी। सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि अदालत ने प्रधानमंत्री के खिलाफ कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की।
रणधीर शर्मा ने कहा कि अपने छोटे से राजनीतिक जीवन में राहुल गांधी बड़े-बड़े झूठ बोलने के लिए जाने जाते हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लंबे समय से राफेल मुद्दे पर झूठा अभियान चला रहे हैं।