Himachal: जेपी नड्डा बोले- भारत को तोड़ने वाले निकाल रहे भारत जोड़ो यात्रा, लोगों को गुमराह न करें
शिमला में अभिनंदन कार्यक्रम में नड्डा ने कहा कि जेएनयू में अफजल हम शर्मिंदा हैं तेरे कातिल जिंदा हैं के नारे लगाने वालों के साथ तस्वीरें खिंचवाने वाले भारत जोड़ो और न्याय यात्रा निकाल रहे हैं।
विस्तार
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सवाल उठाए। शिमला में अभिनंदन कार्यक्रम में नड्डा ने कहा कि जेएनयू में अफजल हम शर्मिंदा हैं तेरे कातिल जिंदा हैं के नारे लगाने वालों के साथ तस्वीरें खिंचवाने वाले भारत जोड़ो और न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। संसद भवन हमले के मास्टर माइंड को सुप्रीम कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई। राष्ट्रपति ने सजा माफ नहीं की। टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करने वाले भारत जोड़ने नहीं तोड़ने के लिए यात्रा निकाल रहे हैं। सन 1984 के दंगे कांग्रेस ने करवाए, सिखों पर अत्याचार किया और बोले जब बड़ा पेड़ गिरता है धरती हिलती है। ऐसे गांधी परिवार को देश से माफी मांगनी चाहिए।
अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड, झारखंड, छतीसगढ़ बनाया तो खून का एक कतरा नहीं बहा, कांग्रेस ने तेलंगाना बनाया तो दंगों में हजारों लोगों का खून बहा। कांग्रेस जातिगत जनगणना की बात कर रही है, चुनाव आने वाले हैं। ओबीसी की इतनी ही चिंता थी तो जवाहर लाल नेहरू ने काका कालेरकर की रिपोर्ट पर दस साल ध्यान क्यों नहीं दिया। मंडल कमीशन की रिपोर्ट की अनदेखी क्यों की। मोदी प्रधानमंत्री बने तो तुरंत ओबीसी को साविधानिक दर्जा दिया गया। जितने कांग्रेस के एमपी नहीं उससे ज्यादा हमारे ओबीसी सांसद हैं। राहुल ने कहा मोदी चोर हैं और माफी नहीं मांगी। राजीव ने संसद में कहा था न जात पर न पात पर, तब ओबीसी प्रेम कहां गया था।
नड्डा ने विपक्षी दलों के इंडी अलाइंस पर भी तंज कसा और कहा कि जम्मू-कश्मीर में महबूबा मुफ्ती, नेशनल कॉन्फ्रेस और कांग्रेस पहले ही इक्टठे थे, पंजाब और दिल्ली में केजरीवाल सभी सीटों पर लड़ने का एलान कर चुके हैं। यूपी में कांग्रेस समाजवादी और बीएसपी दोनों से दो बार अलाइंस कर चुके हैं। दोनों बार बीजेपी की सरकार बनी। इंडी अलाइंस सिर्फ फोटो सेशन का अलाइंस है। नड्डा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। कांग्रेस ने झूठ की राजनीति करके जीत हासिल की, लेकिन झूठ की राजनीति हर बार नही चलती। देश के सामने अब कांग्रेस बेनकाब हो गई है।
कांग्रेस जाति की राजनीति करती है
सोलन में रोड शो के बाद पुराना बस अड्डा में जनसभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस जाति की राजनीति करती है। लेकिन मोदी ने देश में चार जातियों को तवज्जो दी। महिला, युवा, किसान और गरीब। नड्डा ने कहा कि चीन तक मोदी की तारीफ कर रहा है। नड्डा ने सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने 900 संस्थान बंद कर दिए। 200 अस्पतालों को हिमकेयर इलाज का पैसा नहीं मिला।
जनता ने बघेल व गहलोत को घर बैठा दिया
जेपी नड्डा ने कहा कि भूपेश बघेल ने गरीबों को दी जाने वाली केंद्र सरकार की योजनाओं को निलंबित कर दिया, इसलिए छत्तीसगढ़ के लोगों ने उन्हें और उनकी सरकार को निलंबित कर दिया। राजस्थान में लोग समझ गए थे कि गहलोत की सरकार दमन करने वाली सरकार है। महिलाओं, युवाओं के साथ अन्याय करने वाली सरकार है। 19 बार पेपर लीक हुआ, कोई भर्ती नहीं हुई, इसलिए प्रदेश की जनता ने उन्हें घर बैठा दिया।
#WATCH | Himachal Pradesh: BJP national president JP Nadda says, "...Bhupesh Baghel suspended the Central Government schemes given to the poor, hence the people of Chhattisgarh suspended him and his government. People in Rajasthan had understood that Gehlot's government is a… pic.twitter.com/Vd9iJVsNNO
— ANI (@ANI) January 5, 2024
नड्डा का सरकार पर आरोप, बोले-डालणा जेबा तां आणा क्या
बोले कांग्रेस की गारंटी काठ की हांडी है जबकि मोदी की गारंटी सच्ची। तीन राज्यों की हैट्रिक के बाद केंद्र की हैट्रिक पक्की है। बोले आईएमएफ की रिपोर्ट कहती है कि 13.5 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। चीन के एक अखबार ने भारत की तारीफ की है। नारी शक्ति वंदन विधयेक महिलाओं को लोक सभा तक पहुंचाएगा। मोदी ने हिमाचल को 11,000 करोड़ के हाइड्रो प्रोजेक्ट, 1,300 करोड़ का एम्स, 5 मेडिकल कॉलेज और फोरलेन दिए हैं। कांग्रेस सरकार बैक गियर वाली सरकार है। चुनाव में झूठी गारंटी दी और पूरी नही की। देश में शांति और स्थिरता के लिए भाजपा को जिताना हिमाचल वासियों की नैतिक जिम्मेवारी है।
14 से 22 जनवरी तक मंदिरों में सफाई अभियान का आह्वान
नड्डा ने हिमाचल के लोगों से राम मंदिर की स्थापना पर 14 से 22 जनवरी तक मंदिरों में सफाई अभियान चलाने का आह्वान किया। 22 जनवरी को घर-घर दिवाली मनाने और राम ज्योति के नाम पर 5-5 दीप जलाने का भी आग्रह किया। बोले शिमला में पवन पुत्र और तारा माता का आशीर्वाद लेने आया हूं। बोले, पालमपुर में जो सपना देखा था आज साकार हुआ है।
लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल को टाल गए नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शिमला के पीटरहॉफ में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम सवा पांच बजे मालरोड की सैर की। इस दौरान उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मौजूद रहे। सीटीओ चौक पर पहुंचने के बाद नड्डा ने काॅफी पीने की इच्छा जताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ इंडियन कॉफी हाउस में कॉफी की चुस्कियां लीं। इस दौरान आने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर भी खूब बातें चली। नड्डा के लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर भी बात हुई। नड्डा ने इस बात को जल्दबाजी कहकर सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि किसे किस सीट पर चुनाव लड़ना होता है, वह केंद्रीय चुनाव समिति तय करती है, सबकी सहमति के बाद ही सशक्त और मजबूत प्रत्याशी उतारे जाते हैं। हिमाचल में सुक्खू सरकार की हालत पतली है। हिमाचल की जनता वोट के माध्यम से अपना गुस्सा जाहिर कर प्रदेश में चारों सीटों पर भाजपा को धमाकेदार जीत दिलाएगी। माल रोड पर टहलते हुए नड्डा ने पुरानी याद ताजा करते हुए पान खाया।