जंजैहली में महारैली, प्रदर्शनकारियों ने फूंका सीएम का पुतला
जंजैहली में एसडीएम दफ्तर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर जंजैहली चौक से पंचायत घर तक महारैली निकालकर लोगों ने बाजार में सीएम का पुतला फूंका और काले झंडे दिखाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में महिलाओं ने मोरचा संभाला। वहीं, बिना अनुमति रैली निकालने करने पर पुलिस ने 109 के तहत रपट दर्ज की है। रैली से नाराज कुछ लोगों ने प्रदर्शन के दौरान दुकानों को जबरन बंद करवाने का आरोप भी लगाया है।
संघर्ष समिति का ये होगा अगला कदम
महा रैली में लॉ एंड ऑर्डर संभालने के लिए एसपी मंडी, डीएसपी करसोग, एसडीएम थुनाग और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में एसडीएम गोहर मौजूद रहे। सिराज संघर्ष समिति के संयोजक जगदीश रेड्डी ने कहा कि 12 मार्च को मंडी डीसी कार्यालय के बाहर सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
19 मार्च को जंजैहली में सरकार के खिलाफ विशाल प्रदर्शन करेंगे। 3 अप्रैल को सिराज संघर्ष समिति शिमला में विधानसभा का घेराव करेगी। रैली को सिराज संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रेड्डी, संयोजक जगदीश रेड्डी, कांग्रेस नेता चेतराम और महेंद्र राणा ने संबोधित किया। प्रदर्शन में सीपीआईएम के नेताओं के साथ कांग्रेसी भी मौजूद रहे।
अब महिलाएं बैठीं भूख हड़ताल पर
मंगलवार से जंजैहली की महिलाओं ने एसडीएम कार्यालय की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठने का फैसला लिया। मंगलवार को भूख हड़ताल में बैठने वाली महिलाओं में इंद्रा शर्मा, इंदु शर्मा, बिंदु देवी, नीतू शर्मा और सुनीता शर्मा शामिल रहीं।
सरकार नहीं मान रही बात
पिछले 16 दिनों से जंजैहली में एसडीएम कार्यालय को लेकर प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ धावा बोल रखा है। कई बार हुई वार्ता विफल हो चुकी हैं। सिराज संघर्ष समिति की मांग है कि जब तक कोर्ट का आदेश नहीं आता, तब तक 15 दिन जंजैहली और 15 दिन थुनाग में एसडीएम को बैठाया जाए।