सरकार की आमदनी बढ़ाने और खर्चा घटाने में नहीं ज्यादा हिमाचलियों की रुचि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए मांगे गए सुझावों पर गौर करें तो इनके हिसाब ज्यादातर हिमाचलियों की सरकार की आमदनी बढ़ाने और खर्चा घटाने में ज्यादा रुचि नहीं है। इन दोनों विषयों के अलावा ज्यादातर लोग सरकार के शासन के तरीके में सुधार की बात कर रहे हैं।
नए बजट अनुमानों को तैयार करने के लिए शनिवार तक वेबपोर्टल पर आए कुल 893 सुझावों में से सरकार की आमदनी बढ़ाने के महज 26, खर्च घटाने के मात्र 43 और शासन में सुधार के 132 सुझाव आए हैं।
ज्यादातर सुझावों में आम लोगों और कर्मचारियों ने अपनी-अपनी समस्याओं का समाधान ही करना चाहा है। सरकार ने अपने वेबपोर्टल पर आम जनता से हिंदी और अंग्रेजी दोनों ही भाषाओं में सुझाव आमंत्रित किए हैं। इसका लिंक http://ebudget.hp.nic.in/bshp/ है।
यह सुझाव आगामी वित्तीय वर्ष के बजट अनुमानों को तैयार करने से पहले जारी किए गए हैं। इस वेबपोर्टल पर जाकर एक लिंक के भीतर दो अलग-अलग लिंक में जाकर लोग अपने सुझाव दे सकते हैं। अंग्रेजी के लिए नीले और हिंदी के लिए लाल रंग के लिंक पर क्लिक करके अपने सुझाव को लिखा जा सकता है।
इसी वेबपोर्टल पर पिछले वार्षिक बजट अनुमानों और आर्थिक सर्वेक्षणों को भी पढ़ा जा सकता है। इनके अलग से लिंक दिए गए हैं। सरकार के वित्त एवं योजना विभाग के सूत्रों की मानें तो इस बार भी व्यक्तिगत सुझाव ही ज्यादा आ रहे हैं। पूरे प्रदेश के हित की योजनाओं को बनाने और सरकार की आमदनी बढ़ाने या खर्चे घटाने से संबंधित कम सुझाव ही मिल रहे हैं।