धूमल का कांग्रेस नेताओं पर पलटवार, कागजों में अधिसूचना जारी करने से संस्थान नहीं चलते
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में हमीरपुर मेडिकल कॉलेज का कार्य लटकाने के कांग्रेस नेताओं के आरोप पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि महज कागजों पर अधिसूचनाएं जारी करने से संस्थान नहीं चलते। संस्थान चलाने के लिए जमीन का अधिग्रहण, वन मंत्रालय से क्लीयरेंस, भवन और स्टाफ समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता होती है।
कांग्रेस सरकार पांच साल तक सत्ता में रहकर हमीरपुर कॉलेज शुरू नहीं करवा पाई। नाहन और चंबा में मेडिकल कॉलेज शुरू हो सकते हैं तो हमीरपुर में क्यों नहीं? कांग्रेस ने खुद देहरा और धर्मशाला में बनने वाले केंद्रीय विवि का कार्य आठ साल तक लटका कर रखा।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की अधिसूचना जारी करने का श्रेय कांग्रेस को जाता है, लेकिन मेडिकल कॉलेज को शुरू करने का श्रेय भाजपा को मिला है। जोलसप्पड़ में चिन्हित भूमि पर भवन के निर्माण तक मेडिकल कॉलेज की कक्षाएं हमीरपुर में चलेंगी।
कहा, अधिसूचना का श्रेय कांग्रेस को, लेकिन कॉलेज शुरू करना भाजपा की उपलब्धि
कहा कि यूपीए सरकार में मानव संसाधन मंत्री रहे कपिल सिब्बल ने 10वीं कक्षा तक बच्चों को फेल नहीं करने का गलत निर्णय लिया था। इस कारण कई दुष्परिणाम सामने आए। अध्यापकों का दायित्व खत्म होने के चलते जब बच्चे दसवीं कक्षा की परीक्षा देते थे तो फेल होने पर उन्हें झटका लगता था।
अब केंद्र सरकार ने फिर से परीक्षा प्रणाली को लागू कर अच्छा निर्णय लिया है। कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने रूसा प्रणाली को जल्दबाजी में लागू कर दिया था। प्रदेश के अधिकतर महाविद्यालयों में प्रोफेसरों की कमी, कमरों और उपकरणों समेत आधारभूत सुविधाओं की कमी है।
अगर किसी विषय का टीचर नहीं होगा तो विद्यार्थी परीक्षा क्या देगा। धूमल ने कहा कि वह सरकार से मांग करेंगे कि जब तक आधारभूत सुविधाएं पूरी नहीं हो जाती तब तक सेमेस्टर प्रणाली को लागू न किया जाए। उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर, प्यारे लाल शर्मा और दीपक शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
नरेंद्र मोदी हैं विश्व के लोकप्रिय नेता : धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने नादौन में पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में से हैं। धूमल ने कहा कि कांग्रेस में यह रिवाज है कि उनकी आधारहीन टिप्पणी पर प्रतिक्रिया हो तो वह इसे बोलने वाले नेता की निजी राय करार दे देते हैं।
देश में कुछ उपचुनावों में हार के कारण कांग्रेस इसे ग्राफ गिरना बता रही है। तो क्या देश के 14 राज्यों में अपनी सरकार गवां चुकी कांग्रेस को लगता है कि उसका ग्राफ बढ़ रहा है। उन्होंने ने कहा कि मोदी सरकार ने जनहित में कई लाभकारी योजनाएं आरंभ की हैं।
जिनका देश के लोग लाभ ले रहे हैं। धूमल ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत से देशवासियों को लाभ होगा। जबकि उज्जवला योजना से न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा होगी, बल्कि पर्यावरण की भी सुरक्षा होगी।