स्कूलों में एनसीसी की तर्ज पर तैयार होंगे पुलिस कैडेट, शिमला के चार स्कूल चुने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनसीसी कैडेट की तर्ज पर अब पहली बार स्कूलों में पुलिस कैडेट भी नजर आएंगे। कैडेट को यूनिफार्म भी दी जाएगी। कुछ ही दिनों में शिमला शहर के स्कूलों में छात्र कदमताल करते नजर आएंगे। अब छात्र की खुद की इच्छा रहेगी कि वे एनसीसी या फिर पुलिस कैडेट बनें।
केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे इस प्रोजेक्ट को स्टूडेंट पुलिस कैडेट स्कीम का नाम दिया गया है। इसमें छात्रों की परेड करवाई जाएगी और शिविर भी लगाए जाएंगे। परेड के बाद रिफ्रेरशमेंट का भी बजट रखा गया है।
आठवीं और नौवीं कक्षाओं के छात्र पुलिस कैडेट बन सकते हैं। योजना के पहले चरण में शिमला शहर के चार स्कूलों को शामिल किया गया है। इनमें केंद्रीय विद्यालय जाखू हिल्स, केंद्रीय विद्यालय जतोग छावन, केंद्रीय तिब्बतियन स्कूल छोटा शिमला और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी को शामिल हैं।
शिमला पुलिस ने स्कूलों में पुलिस कैडेटों को प्रशिक्षित करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस महकमे के दस प्रशिक्षकों का इसके लिए चयन किया है। इनकी तैनाती स्कूलों में की जा रही है। छात्रों को पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त छात्रों को परेड करवाई जाएगी। स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के मौके पर बेहतर पुलिस कैडेट को परेड में भेजा जाएगा। इस प्रोजेक्ट को चलाने के पीछे का ध्येय छात्रों में कानून के प्रति सजग करवाना है। साथ ही शांति व्यवस्था, मादक पदार्थों की रोकथाम, संगीन अपराधों पर नकेल और उसके बारे में जानकारी दी जाएगी।