हिमाचल में प्रधानों को एरियर के साथ मिलेगा बढ़ा हुआ मानदेय
हिमाचल में ग्राम पंचायतों के प्रधानों, उप प्रधानों और वार्ड सदस्यों को अगस्त में बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा। इसके साथ एरियर भी मिलेगा। सरकार ने सभी पंचायतीराज प्रतिनिधियों के मानदेय में बढ़ोतरी के निर्देश जारी कर दिए हैं।
यह मानदेय 3226 ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों समेत पंचायत समितियों और जिला परिषद अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सदस्यों का भी बढ़ाया जा रहा है। राज्य सरकार ने इस बारे में पिछले दिनों अधिसूचना जारी की है।
इससे संबंधित दिशा-निर्देश उपायुक्त कार्यालयों और खंड विकास अधिकारियों के कार्यालयों में पहुंच गए हैं। इसमें स्पष्ट किया गया है कि मानदेय की ये संशोधित दरें एक अप्रैल 2019 से लागू होंगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसकी घोषणा अपने बजट भाषण में की थी।
इसके बाद हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में भी इसे मंजूरी दे दी गई है। राज्य पंचायतीराज विभाग के अतिरिक्त निदेशक केवल शर्मा ने कहा कि अगले महीने से पंचायत प्रतिनिधियों को बढ़ा हुआ वेतन जारी करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अप्रैल से लेकर एरियर भी मिलेगा।
अब ये मिलेगा मानदेय
जिला परिषद अध्यक्ष 12000 रुपये
जिला परिषद उपाध्यक्ष 8000 रुपये
जिला परिषद सदस्य 5000 रुपये
पंचायत समिति अध्यक्ष 7000 रुपये
पंचायत समिति उपाध्यक्ष 5000 रुपये
पंचायत समिति सदस्य 4500 रुपये
ग्राम पंचायत प्रधान 4500 रुपये
ग्राम पंचायत उपप्रधान 3000 रुपये
ग्राम पंचायत सदस्य 250 रुपये प्रति बैठक। महीने में केवल दो बार