अब बच्चे के जन्म के साथ ही खुलेगा बैंक खाता
अब बच्चे के पैदा होते ही खोल लो बैंक खाता। यह सुविधा प्रदान कर रहा है पंजाब नेशनल बैंक। बच्चे के पैदा होने के साथ ही आप अपने बेटे या बेटी के नाम खाता खोल सकते हैं। इससे आप उसका भविष्य भी सुरक्षित करने की योजना बना सकते हैं।
बच्चा जब स्कूल-कॉलेज तक पहुंचेगा तो उसकी पढ़ाई का खर्चा उसी पैसे से निकल आएगा जो उसके पैदा होते ही आपने खाते में डालना शुरू किया था। पंजाब नेशनल बैंक ने वीरवार को शिमला के लोगों को इस योजना के प्रति लोगों को जागरूक किया।
पंजाब नैशनल बैंक ने यहां कमला नेहरू अस्पताल के प्रांगण में नवजात शिशुओं के बचत खाते, आवर्ती खाता, सावधि जमा खाता खोलने के लिए शिविर लगाकर अभिभावकों को जागरूक किया।
बच्चे के बड़ा काम आएगा पैसा
पंजाब नैशनल बैंक के शिमला मंडल के मंडल प्रमुख वीके गोयल, शाखा कार्यालय माल रोड के सहायक महाप्रबंधक आर्य मित्र गुप्ता, अस्पताल के अधीक्षक एलएस चौधरी और अशोक कुमार पासी मुख्य निरीक्षक की अगुवाई में शिविर लगाया गया।
बैंक प्रबंधन ने बताया कि केएनएच में हर रोज करीब 25 बच्चे जन्म लेते हैं। इन नवजात शिशुओं के जन्म के तुरंत बाद यदि 10 वर्ष के लिए बचत खाता या आवर्ती खाता या सावधि खाता खोल दिया जाए तो भविष्य में इन शिशुओं की पढ़ाई लिखाई में मदद मिलेगी।
शिविर में बताया गया कि 100 रुपये मासिक तक का भी फ्लेक्सी आरडी खोला जा सकता है। यदि इससे अधिक की भी धनराशि कटवाना चाहेंगे तो इस धनराशि का दस गुना तक जमा करा सकते हैं।