Chamba News: 10 किमी पालकी में उठाकर सड़क तक पहुंचाया मरीज
ग्रामीणों ने कहा कि नेताओं को भी चुनावों के दौरान ही ग्रामीणों की याद आती है। चुनाव में जीतने के बाद कोई भी नेता ग्रामीणों की मांग को पूरा करने में रुचि नहीं लेता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पैर फिसलकर गिरने से चोटिल हुई बबली पत्नी केवल कृष्ण निवासी भगियार ग्राम पंचायत जटकरी डाकघर भड़ियांकोठी को 10 किलोमीटर पालकी में उठाकर बारी-बारी परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद निजी वाहन के जरिये महिला को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया गया। महिला की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है। भगियार समेत कुपाड़ी, धनौता, चरीड़ा, दुफेई, टिक्कर, तनुई, चरोड़ी, डुग, हुरेड़, बनखैड़ा, डाडरा, चपरोता आदि गांवों की तीन हजार की आबादी को आज भी सड़क के अभाव में जंगल वाले ऊबड़-खाबड़ रास्ते से होकर आवाजाही करनी पड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग की गई है बावजूद इसके गांवों को सड़क सुविधा से नहीं जोड़ा गया है। ग्रामीणों ने सदर विधायक और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से उनके गांवों को जल्द सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग की है। ग्रामीण केवल कृष्ण, अजीत ठाकुर, अनूप वर्मा, दिलीप ठाकुर, अशोक कुमार, मकरध्वज, केवल, बिंदू, चैन सिंह, देसराज, चरण सिंह, सनी, ललित कुमार, विजय कुमार आदि का कहना है कि एक तरफ सरकार 300 की आबादी को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क सुविधा से जोड़ने की बात करती है।
बावजूद इसके जटकरी पंचायत के दर्जन भर गांव आज भी सड़क से अछूते हैं। इसका खामियाजा क्षेत्र के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए ऊबड़-खाबड़ रास्ते से छह किलोमीटर का सफर तय कर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंडियांकोठी पहुंचना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नेताओं को भी चुनावों के दौरान ही ग्रामीणों की याद आती है।
चुनाव में जीतने के बाद कोई भी नेता ग्रामीणों की मांग को पूरा करने में रुचि नहीं लेता है। कहा कि यदि यही आलम रहा तो ग्रामीण आगामी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। सदर विधायक नीरज नैयर ने कहा कि लोक निर्माण विभाग को सड़क से अछूते गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए सर्वे करवाकर प्लान तैयार करने के बारे में कहा जाएगा। पूर्व विधायक पवन नैयर ने कहा कि वर्तमान सरकार और विधायक को जनता ने बनाया है।
उनसे कोई लेना-देना नहीं है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण विस क्षेत्र चंबा में रुके विकास कार्य हैं। जनहित के लिए विधायक को कार्य करवाने के लिए आगे आना चाहिए। लोक निर्माण विभाग चंबा के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से समय पर विभाग के नाम अपनी निजी भूमि गिफ्ट डीड न करवाने के चलते यह कार्य लंबा खिंचा है। विभाग के पुन: प्रयास के बाद अब ग्रामीणों ने जमीन विभाग के नाम की है। इसके बाद एफसीए केस बनाकर स्वीकृति के लिए भेजा गया है।