शादी के बाद जा रहे थे मंदिर, हादसे में नवविवाहिता की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शादी के बाद ज्वालाजी मंदिर में मां का आशीर्वाद लेने के लिए जा रहा नवविवाहित दंपति दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में जहां नवविवाहिता की मौत हो गई, वहीं पति की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
यह दर्दनाक हादसा हिमाचल के जिला बिलासपुर में भराड़ी के तल्यांगर के समीप हुआ। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक शिमला के ढांडा निवासी हेमंत कुमार और ममता की सात दिन पहले ही शादी हुई थी।
मगर इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में तब्दील कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब दोनों सेंट्रो कार से मंगलवार सुबह ज्वालाजी मंदिर माथा टेकने के लिए जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे जब वह शिमला-हमीरपुर नेशनल हाईवे 103 पर हरी तल्यांगर के समीप पहुंचे, तो यहां किसी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े से ट्रक जा टकराई।
अस्पताल पहुंचते ही ममता ने तोड़ा दम
पुलिस ने ममता के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस के अनुसार हेमंत और ममता की सात दिन पहले ही 19 और 20 अप्रैल को शादी हुई थी। दोनों अपने नवविवाहित जीवन की मंगलकामना के लिए मां ज्वाजा का आशीर्वाद लेने के लिए जा रहे थे।
मगर रास्ते में नियति ने उनकी सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। भराड़ी थाना प्रभारी दया राम ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
चयामा में कार गहरी खाई में गिरी, एक की मौत
देईया-नेरवा सड़क पर चयामा गांव के पास कार के गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, हादसे में दो बच्चियों सहित पांच लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक ही परिवार के छह लोग कार में सवार होकर मालत गांव से नरेवा की ओर आ रहे थे।
चयामा गांव के पास चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। इससे गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और नेरवा अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल भगत टेगटा (45) निवासी गांव मालत की मौत हो गई।
जबकि, नेरवा अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद घायल नरेश टेगटा, उसकी पत्नी ममता टेगटा, मीनाक्षी टेगटा व उनकी दो बेटियों संजीवी और सानवी को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
नायब तहसीलदार मोही राम चौहान ने फौरी राहत के तौर पर घायलों को तीन-तीन हजार रुपये और मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये दिए। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही माना जा रहा है। चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा ने दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।