राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता: 15 साल बाद क्वार्टर फाइनल में हिमाचल, महिला नेटबाल स्पर्धा में सीयू की चुनौती खत्म
हिमाचल प्रदेश हैंडबाल संघ के महासचिव नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि प्रदेश ने पूल सी में राजस्थान को 26-18, जम्मू-कश्मीर को 33-13 से हराकर पूल में प्रथम स्थान हासिल किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सिरसा में चल रही 50वीं गोल्डन जुबली राष्ट्रीय वरिष्ठ पुरुष हैंडबाल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 साल बाद क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। हिमाचल प्रदेश हैंडबाल संघ के महासचिव नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि प्रदेश ने पूल सी में राजस्थान को 26-18, जम्मू-कश्मीर को 33-13 से हराकर पूल में प्रथम स्थान हासिल किया। प्री-क्वार्टर मुकाबले में टीम ने कर्नाटक को 37-21 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। टीम के लिए विशाल ने 13, अभय राणा ने 7, वरुण शर्मा ने 4, रवनीत ने 3, अक्षित सांख्यान, उद्धव नेगी, दविंदर, दीपक और हिमांशु ने 2-2 गोल किए। टीम का क्वार्टर फाइनल मुकाबला पंजाब के साथ होगा। कोच राजेश मेहता ने बताया कि टीम का दावा इस बार मजबूत है।
इंटर कॉलेज हैंडबाल प्रतियोगिता में बिलासपुर और भटोली का जीत से आगाज
वहीं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की महिला और पुरुष वर्ग की दो दिवसीय इंटर कॉलेज हैंडबाल प्रतियोगिता गायत्री कॉलेज ऑफ नर्सिंग में मंगलवार को आरंभ हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ तकनीकी शिक्षा निदेशक विवेक चंदेल ने किया। आयोजन समिति के सचिव पंकज सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में 7 और महिला वर्ग में 5 टीमें भाग ले रही हैं। पुरुष वर्ग में पहला मैच जीसी जोगिंद्रनगर और जीसी बिलासपुर के मध्य खेला गया। इसमें बिलासपुर ने जोगिंद्रनगर को 22-11 के अंतर से हराया। दूसरा मैच महिला वर्ग में महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय सुंदरनगर और गायत्री कॉलेज ऑफ एजूकेशन कांगू के मध्य खेला गया। इसमें महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय ने गायत्री कॉलेज को 15-7 अंक से हराया। तीसरा मैच जीसी ऊना और एसबीडी कॉलेज भटोली के मध्य खेला गया। इमें भटोली ने ऊना को 13-10 से पराजित किया।
कर्नाटक के हाथों मिली हार के साथ हिमाचल केंद्रीय विवि की चुनौती खत्म
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला नेटबाल स्पर्धा के तीसरे दिन मेजबान हिमाचल केंद्रीय विवि की चुनौती खत्म हो गई। तीसरे राउंड के मुकाबले में केंद्रीय विवि की टीम को कर्नाटक विवि धारवाड़ के हाथों 28-11 से पराजय झेलनी पड़ी। इधर, तीसरे दिन क्वार्टर फाइनल मुकाबला कालीकट विवि (केरल) और पंडित रविशंकर शुक्ल विवि रायपुर के बीच हुआ। इस मुकाबले में कालीकट विवि ने 37-23 से जीत दर्जकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में पंजाब विवि ने मंगलूर विवि (कर्नाटक) को 38-24 से मात दी और सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया।
इससे पहले क्वार्टर फाइनल के लिए रायपुर छत्तीसगढ़ और महात्मा गांधी विवि कोट्टायम के बीच कांटे की टक्कर हुई। मुकाबले के अंतिम मिनट में छत्तीसगढ़ ने दो अंकों की बढ़त बनाते हुए 27-25 से कोट्टायम को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। तीसरे प्री-क्वार्टर फाइनल में पंजाब विवि ने भगत फूल सिंह महिला विवि हरियाणा को एकतरफा मुकाबले में 23 अंकों के बड़े फासले से करारी मात दी। चौथे मुकाबले में बंगलूरू सिटी यूनिवर्सिटी ने एलपीयू को 33-30 के करीबी मुकाबले में हराया।