हिमाचल से विदा हुआ मानसून,15 फीसदी कम बरसे बादल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल से मानसून विदा हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक पहली अक्तूबर से हिमाचल में पोस्ट मानसून सीजन शुरू होगा। 15 नवंबर तक पोस्ट मानसून सीजन रहेगा। इस दौरान बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा हालांकि, बारिश की झड़ी नहीं लगेगी।
15 नवंबर से हिमाचल में विंटर सीजन शुरू होगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया है कि प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक सभी जगह मौसम साफ रहेगा। मैदानी क्षेत्रों में पारा चढ़ेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में भी दिन के समय गर्मी बढ़ेगी लेकिन, सुबह-शाम के समय हल्की ठंड होना भी शुरू हो जाएगी।
हिमाचल में मानसून ने पहली जुलाई को दस्तक दी थी। पहली जुलाई से लेकर 30 सितंबर तक प्रदेश में सामान्य से 15 फीसदी कम बादल बरसे हैं। प्रदेश के पांच जिलों लाहौल एवं स्पीति, किन्नौर, चंबा, सोलन और सिरमौर में सामान्य से कम बारिश रिकार्ड हुई।
मानसून सीजन के दौरान लाहौल एवं स्पीति में सामान्य से 70 फीसदी, चंबा में 50 फीसदी, किन्नौर में 32, सोलन में 16 और सिरमौर में 8 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। सीजन के दौरान प्रदेश में कुल 719.9 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई जबकि सामान्य मानसून सीजन में 843.5 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड होती है।
ऊना में 35 डिग्री पहुंचा पारा
उधर, बिलासपुर में मानसून सीजन के दौरान सामान्य से 9 फीसदी, कांगड़ा में 3 फीसदी, कुल्लू में 13 फीसदी, मंडी में 9 फीसदी, शिमला में दो फीसदी, ऊना में 18 फीसदी अधिक बारिश रिकार्ड की गई। हमीरपुर जिला में सामान्य बारिश रिकार्ड की गई।
प्रदेश के मैदानी इलाकों में पड़ रही गर्मी लोगों के खूब पसीने छुड़ा रही है। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
शिमला में 24.0, बिलासपुर में 32.3, धर्मशाला में 27.4, सोलन में 28.2, नाहन में 27.2, सुंदरनगर में 32.0, भुंतर में 31.8, कांगड़ा में 31.7, हमीरपुर में 32.0, मंडी में 30.1, चंबा में 30.6, डलहौजी में 20.4 और कल्पा में 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को भी प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है।