अब मीटर रीडर घर-घर बताएंगे, ऑनलाइन कैसे दें बिजली बिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑनलाइन बिजली बिल जमा कराने का मीटर रीडर घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को पाठ पढ़ाएंगे। बिजली बोर्ड प्रबंधन ने ऑनलाइन पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए यह फैसला लिया है। बोर्ड के कैश काउंटरों पर भी उपभोक्ताओं को जागरूक करने के संदेश चस्पा किए जाएंगे।
प्रदेश में सिर्फ 25 फीसदी उपभोक्ता ही डिजिटल तरीके से बिजली बिल पेमेंट करते हैं। इनकी संख्या बढ़ाने को बोर्ड ने भारत बिल पेमेंट सिस्टम से खुद को जोड़ा है। राज्य बिजली का बिलिंग डाटा भारत सरकार के भारत बिल पेमेंट सिस्टम पर अपलोड हो गया है।
इसके तहत उपभोक्ता देश के 18 बैंकों के गेटवे का इस्तेमाल कर ऑनलाइन बिजली बिल जमा करवा सकेंगे। चार मोबाइल फोन एप्लीकेशंस से भी बिल जमा करवाने की सुविधा होगी।
प्रदेश के 19 लाख से अधिक बिजली कनेक्शन धारकों को ऑनलाइन बिल जमा करवाने के लिए बोर्ड अपनी वेबसाइट पर भी सुविधा दे रहा है। इसके लिए उपभोक्ताओं को अलग से कोई शुल्क भी नहीं देना होगा।
इन बैंकों का गेटवे कर सकेंगे इस्तेमाल
ऑनलाइन बिजली बिल जमा करवाने को एसबीआई, आईसीआईसीआई, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इलाहाबाद बैंक, केनरा बैंक, इंडियन ओवरसीस बैंक, इंडसलैंड बैंक, जेएंडके बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, यूनाइटेड बैंक, फेडरल बैंक, डीसीबी बैंक, यस बैंक, ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स और यूको बैंक का भी अब गेट वे मिलेगा।
इन मोबाइल एप पर भी मिलेगी सुविधा
पेटीएम, मौबी क्विक, फोन पे और ऑक्सीजन एप्लीकेशन को मोबाइल फोन पर डाउनलोड कर उपभोक्ता ऑनलाइन बिजली बिल जमा करवा सकेंगे।
ऑनलाइन बिल जमा करवाना व्हाटसएप जैसा आसान है। भारत बिल पेमेंट सिस्टम पर उपभोक्ताओं को अपना राज्य चुनना होगा।
वहां बिजली कनेक्शन का अकाउंट नंबर लिखना होगा। नंबर लिखते ही बिल सामने आ जाएगा। इसके बाद किसी भी बैंक के गेटवे के माध्यम से बिल जमा करवाया जा सकेगा। डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, भीम एप के जरिये उपभोक्ता पेमेंट कर सकेंगे।