{"_id":"590defd54f1c1b2904441676","slug":"mc-shimla-election-notification-will-be-issued-very-soon","type":"story","status":"publish","title_hn":" इस दिन जारी हो सकती है निगम चुनाव की अधिसूचना, 28 को मतदान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
इस दिन जारी हो सकती है निगम चुनाव की अधिसूचना, 28 को मतदान
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
Updated Sun, 07 May 2017 10:09 AM IST
विज्ञापन
नगर निगम शिमला के चुनाव की अधिसूचना सोमवार आठ मई को जारी हो सकती है। शनिवार को सचिवालय में राज्य चुनाव आयोग और जिला प्रशासन के बीच चुनाव की तैयारियों को लेकर लंबी बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक बैठक में चुनाव करवाए जाने को लेकर लगभग सहमति बन गई है। संभावित है कि 28 मई को नगर निगम शिमला का चुनाव हो सकता है।
विज्ञापन
दस दिनों तक नामांकन और छंटनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दस दिन चुनाव प्रचार के लिए मिलेंगे। 31 मई को चुनाव परिणाम घोषित हो सकते हैं। नगर निगम शिमला के चुनाव में वीवीपैट मशीन का प्रयोग नहीं किया जाएगा। ईवीएम से ही मतदान होगा। शिमला शहर के कुल 34 वार्डों में से 17 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। सरकार ने जनसंख्या की प्रतिशतता के आधार पर वार्ड आरक्षण तय किया है।
विज्ञापन
निगम के 14 वार्ड अनारक्षित रखे गए हैं जबकि तीन वार्ड अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किए गए हैं। वार्ड आरक्षण तय करने को अपनाए गए नए फार्मूले ने नगर निगम के नौ सिटिंग पार्षदों को चुनाव मैदान से बाहर कर दिया है। जनसंख्या की प्रतिशतता के आधार पर महिलाओं के वार्ड तय होने से कांग्रेस के छह और भाजपा के तीन सिटिंग पार्षदों के अरमानों पर पानी फिर गया है।
विज्ञापन
सूत्र बताते हैं कि सिटिंग पार्षद अपनी पत्नियों और महिला रिश्तेदारों को चुनाव मैदान में उतार सकते हैं। साल 2012 में जो वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हो गए थे, उन वार्डों के 2017 में अनारक्षित होने से अब सिटिंग महिला पार्षदों के पति चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
उधर, वार्डों का आरक्षण तय होने के बाद यह साफ हो गया है कि शिमला शहर को अगला मेयर अनाडेल, नाभा, विकासनगर, कृष्णानगर, खलीनी या फागली वार्ड से ही मिलेगा। प्रदेश सरकार ने एक साल पहले ही मेयर पद को अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित कर दिया था।