मणिमहेश यात्रा: भरमौर से गौरीकुंड को चॉपर सेवा शुरू, ये रहेगा किराया
मणिमहेश यात्रा के विधिवत शुभारंभ के चार दिन बाद चॉपर सेवा भी शुरू हो गई है। भरमौर स्थित हेलीपैड से गौरीकुंड के लिए बुधवार को चॉपर ने पहली उड़ान भरी।
भरमौर में यूटीआई कंपनी के अलावा ट्रांसभारत कंपनी का भी चॉपर भरमौर में मौजूद है, लेकिन उसे फिलहाल नागरिक उड्डयन व रक्षा मंत्रालय की मंजूरी नहीं मिल पाई है। चॉपर सेवा शुरू होने से मणिमहेश यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
यात्रा इस बार जन्माष्टमी पर 24 अगस्त से शुरू की गई है। प्रशासन के अनुसार जल्द ही दूसरी कंपनी को भी अनुमति मिल जाएगी। गौरतलब है कि पवित्र मणिमहेश यात्रा के लिए दो चॉपर कंपनियों यूटीआई और ट्रांसभारत कंपनी के टेंडर पास हुए थे।
टेंडर होने के बाद 19 अगस्त को ट्रांसभारत कंपनी और यूटीआई कंपनी के दो चॉपर भरमौर स्थित हेलीपैड पर पहुंच गए थे। चॉपर सेवा 20 अगस्त को शुरू होनी थी, लेकिन मंजूरी न मिल पाने के कारण सेवा को स्थगित करना पड़ा।
इस बीच मंगलवार को यूटीआई कंपनी को चॉपर उड़ाने संबंधी नागरिक उड्डयन मंत्रालय व रक्षा मंत्रालय की अनुमति मिल गई है। इसके बाद बुधवार से चॉपर सेवा शुरू कर दी गई।
एडीएम भरमौर पृथीपाल सिंह ने बताया कि बुधवार को यूटीआई कंपनी के चॉपर ने भरमौर हेलीपैड से गौरीकुंड के लिए उड़ान भरी। ट्रांसभारत कंपनी को नागरिक उड्डयन मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय की अनुमति नहीं मिल पाई है। जल्द ही दूसरी कंपनी को भी अनुमति मिलने की उम्मीद है।
खडामुख-हड़सर मार्ग बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल
भरमौर-पठानकोट हाईवे पर खडामुख के समीप मंगलवार दोपहर सड़क का डंगा ढहने से 10 से 15 मीटर सड़क का हिस्सा धंस गया था। इसके चलते बड़े वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गया था।
हालांकि, छोटे वाहनों की आवाजाही हो रही थी। बुधवार को एनएच प्रबंधन ने कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को बहाल कर दिया है। इससे मणिमहेश जाने वाले श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।