{"_id":"6a560623ea44cd8e2b052df3","slug":"mamlig-green-panchayat-solar-project-inaugurated-sukhu-solan-2026-07-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Himachal News: ममलीग में 500 KW सोलर प्रोजेक्ट का उद्घाटन, पंचायत को होगी 14 लाख रुपये वार्षिक आय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Himachal News: ममलीग में 500 KW सोलर प्रोजेक्ट का उद्घाटन, पंचायत को होगी 14 लाख रुपये वार्षिक आय
Tue, 14 Jul 2026 03:19 PM IST
Ankesh Dogra
न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
Published by: Ankesh Dogra
Updated Tue, 14 Jul 2026 03:19 PM IST
सार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिले की ममलीग पंचायत में ग्रीन पंचायत योजना के तहत 500 किलोवाट सौर ऊर्जा परियोजना का वर्चुअल उद्घाटन किया। दो करोड़ रुपये की लागत से बनी इस परियोजना से प्रतिवर्ष करीब आठ लाख यूनिट बिजली उत्पादन और पंचायत को लगभग 14 लाख रुपये की आय होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांवों को आत्मनिर्भर बनाने और शहर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री सुक्खू ममलीग पंचायत की 500 किलोवाट सौर ऊर्जा परियोजना का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से जिला सोलन की ग्राम पंचायत ममलीग में ग्रीन पंचायत योजना के तहत स्थापित 500 किलोवाट क्षमता की ग्राउंड माउंटेड सौर ऊर्जा परियोजना का उद्घाटन किया। लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को दिसंबर 2024 में शुरू किया गया था और फरवरी 2026 में इसे विद्युत ग्रिड से जोड़ दिया गया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना से वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 3,000 यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन हो रहा है, जबकि सालाना करीब आठ लाख यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि विद्युत खरीद समझौते के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड इस बिजली को 3.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदेगा, जिससे राज्य को स्वच्छ ऊर्जा के साथ स्थायी राजस्व भी प्राप्त होगा।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू इसका जनहित आधारित राजस्व मॉडल है। परियोजना से होने वाली आय का 25 प्रतिशत ग्राम पंचायत के विकास, 25 प्रतिशत अनाथ एवं विधवा कल्याण, 20 प्रतिशत राज्य सरकार, 20 प्रतिशत हिमऊर्जा तथा 10 प्रतिशत संचालन एवं रखरखाव पर खर्च किया जाएगा। इस व्यवस्था से ग्राम पंचायत को प्रतिवर्ष लगभग 14 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 वर्ष की आयु वाली यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास और सामाजिक समृद्धि का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऐसे नवाचारों को बढ़ावा दे रही है।
सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित कर रही है तथा प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों और दूध पर बेहतर न्यूनतम समर्थन मूल्य उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांवों में भी शहरों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
ममलीग में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के अधिकांश पद भरे जा चुके हैं और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है। साथ ही उन्होंने प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में सभी से सहयोग की अपील की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी शिमला से वर्चुअल कार्यक्रम में उपस्थित रहे।