वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: ऊना में देर रात पीछा कर पकड़ी खैर की लकड़ी से लदी पिकअप, तस्कर फरार
अवैध कटान पर नकेल कसते हुए वन विभाग ऊना की टीम ने बीती रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने पीरनिगाह के समीप खैर की लकड़ियों से लदी एक पिकअप को जब्त करने में सफलता हासिल की है।
विस्तार
वन माफिया और अवैध कटान पर नकेल कसते हुए वन विभाग ऊना की टीम ने बीती रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने पीरनिगाह के समीप खैर की लकड़ियों से लदी एक पिकअप को जब्त करने में सफलता हासिल की है। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से भागने में कामयाब रहे। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 सितंबर को रात्रि लगभग 12:40 बजे वन विभाग की टीम पीरनिगाह क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ऊना की तरफ आ रही तिरपाल से ढकी एक सफेद रंग की पिकअप को टीम ने जांच के लिए रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय उसे तेजी से भगा लिया। वन विभाग की टीम ने बिना समय गंवाए मुस्तैदी से गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। पीछा करने के दौरान तस्करों के साथियों ने एक अन्य गाड़ी भूरे रंग की बोलेरो कैंपर से वन विभाग की टीम का रास्ता रोकने और उन्हें भटकाने का प्रयास किया। यह पीछा गांव बसोली से होते हुए गांव चताडा तक जारी रहा।
चताडा में पहुंचने पर पिकअप चालक अपनी महिंद्रा पिकअप को आबादी वाले इलाके से दूर खड़ी करके अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वहीं तस्करों की मदद कर रही दूसरी गाड़ी भी अपनी तेज रफ्तार के चलते भागने में सफल रही। वन विभाग की टीम ने जब लावारिस हालत में छोड़ी गई पिकअप की जांच की, तो उसमें अवैध रूप से काटे गए खैर की लकड़ी के 45 मोछे भारी मात्रा में लदे हुए पाए गए। इस पूरे प्रकरण को लेकर वन परिक्षेत्र अधिकारी, ऊना वन परिक्षेत्र की ओर से थाना प्रभारी, पुलिस थाना सदर ऊना को लिखित शिकायत सौंप दी गई है। पुलिस से भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने का आग्रह किया गया है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी जिले भर में इस तरह की सख्त गश्त और कार्रवाइयां निरंतर जारी रहेंगी।