हिमाचल: चार दिन बरसेंगे बादल, आज से करवट बदलेगा माैसम; शिमला में छाए बादल, छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
माैसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर की शाम या रात से 29 सितंबर की सुबह तक दक्षिण-पूर्वी हिमाचल और उससे सटे इलाकों में भारी बारिश की बहुत ज्यादा संभावना है। 27 सितंबर को बारिश की तीव्रता सबसे अधिक रहने का पूर्वानुमान है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में चार दिन बादल झमाझम बरसेंगे। आज से प्रदेश में बारिश का दाैर शुरू होने के आसार हैं। कई भागों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी शिमला में सुबह धूप खिली, लेकिन दोपहर को घने बादल छाए गए। माैसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर की शाम या रात से 29 सितंबर की सुबह तक दक्षिण-पूर्वी हिमाचल और उससे सटे इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। 27 सितंबर को बारिश की तीव्रता सबसे अधिक रहने का पूर्वानुमान है।
इन जिलों में व्यापक बारिश होने के आसार
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार सिरमौर, शिमला, सोलन, मंडी और बिलासपुर जिलों के कुछ हिस्सों में 26 सितंबर की शाम से 29 सितंबर की सुबह तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ अंधड़ और बिजली चमकने की भी आशंका है। बारिश की गतिविधि सबसे ज्यादा 27 सितंबर को रहेगी। वहीं 29 सितंबर को भी कई भागों में बारिश की संभावना हैै। 30 से 2 अक्तूबर तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटों के दाैरान धर्मशाला में 46.0, भरेरी 18.2, धौलाकुआं 11.0 व भरवाईं में 8.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

किस जिले किस दिन किस स्तर का अलर्ट
27 सितंबर को सिरमौर जिले में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि बिलासपुर, मंडी, शिमला और सोलन व किन्नाैर जिले के लिए येलो अलर्ट है। 28 सितंबर को शिमला, सोलन व सिरमाैर जिले के लिए येलो अलर्ट है। वहीं 27 और 28 सितंबर को ऊना, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और स्पीति इलाके के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश होने की बहुत संभावना है। इसी तरह 26 से 28 सितंबर के दौरान शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में और 27 सितंबर को किन्नौर, बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में कुछ जगहों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है। आज शिमला, सिरमाैर, व किन्नाैर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम व कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने के आसार हैं। जबकि कुल्लू, कांगड़ा, मंडी व लाहाैल-स्पीति जिले में हल्की बारिश की संभावना है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.