लोगों को खिला दी घटिया चीनी, सैंपल हुए फेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नियमों को ताक पर रख दिल्ली की एक फर्म ने हिमाचल को घटिया चीनी की सप्लाई कर दी। यह सप्लाई प्रदेश के तीन जिलों शिमला, नाहन और सोलन में हुई है। खाद्य आपूर्ति निगम ने दो गोदामों से चीनी के सैंपल लिए थे। रिपोर्ट में यह दोनों सैंपल फेल पाए गए हैं। बड़ी बात यह है कि इस कंपनी के अब तक पांच सैंपल फेल हो चुके हैं।
खाद्य आपूर्ति निगम ने काबुली चने का एक और सैंपल लिया था, वह भी खाद्य आपूर्ति निगम के नियमों पर खरा नहीं उतरा है। इधर, प्रदेश सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली श्रीराम प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट के मुताबिक चीनी में ईक्यूमजा ज्यादा पाया गया है। नियमों के मुताबिक चीनी में ईक्यूमजा की मात्रा 100 तक होनी चाहिए। इससे ज्यादा होने पर सैंपल फेल हो जाता है।
पहले भी हुई है कार्रवाई
सूत्रों का कहना है कि चीनी में ईक्यूमजा की मात्रा ज्यादा होने से शरीर पर विपरीत असर पड़ता है। कंपनी बीते महीने से इन जिलों के 12 गोदामों में चीनी की सप्लाई भेज रही है। 12 गोदामों में से दो गोदामों से सैंपल लिए। इसमें दोनों फेल पाए गए।
कंपनी ने पहले भी लोगों को घटिया चीनी की सप्लाई दी है। जून, जुलाई और अगस्त में कंपनी के 3 सैंपल फेल हो गए हैं। खाद्य आपूर्ति निगम ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिक्योरिटी से राशि काटी है। खाद्य आपूर्ति निगम के नियमों के मुताबिक अगर किसी कंपनी के 5 या इससे ज्यादा सैंपल फेल होते हैं तो उन्हें टेंडर में शामिल नहीं होने दिया जाता है। अब निगम इस कंपनी को 3 साल के लिए टेंडर से बाहर कर रहा है।
'सैंपल फेल होने वाली कंपनी के खिलाफ कार्रवाई होगी। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। खाद्य आपूर्ति निगम को इस बारे में सख्त हिदायत दी गई है।'- जीएस बाली, खाद्य आपूर्ति मंत्री