धर्मशाला के संजय, आरकेएमवी की मुस्कान को बेस्ट एक्टर का खिताब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीजी कॉलेज सीमा में आयोजित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल ग्रुप-4 (थियेटर) स्पर्धा का समापन हो गया। इसमें धर्मशाला कॉलेज के संजय को बेस्ट एक्टर और आरकेएमवी की मुस्कान को बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार दिया गया। बिलासपुर कॉलेज के मृदुल ठाकुर और संजौली कॉलेज की गुंजन ठाकुर को श्रेष्ठ सहायक अभिनेता के खिताब से नवाजा गया।
समापन समारोह में उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक डा. प्रमोद चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि पारितोषिक वितरित किए। इंटर कॉलेज स्पर्धा में 18 कॉलेजों के 372 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एकांकी स्पर्धा में पीजी कॉलेज सीमा ने प्रथम स्थान हासिल किया। सरस्वतीनगर और करसोग कॉलेज संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। मंडी, आरकेएमवी और धर्मशाला कॉलेज ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
मूक अभिनय स्पर्धा में धर्मशाला ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं संजौली और मंडी दूसरे स्थान पर रहे। सरस्वतीनगर, सुंदरनगर और कुल्लू ने तृतीय स्थान हासिल किया। हास्य नाटिका में बिलासपुर प्रथम स्थान पर रहा। सुंदरनगर और चंबा को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। सीमा, जोगिंद्रनगर और धर्मशाला कॉलेज ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
स्वांग स्पर्धा में ढलियारा कॉलेज ने प्रथम, चंबा ने दूसरा, संजौली और कोटशेरा कॉलेज तीसरे स्थान पर रहे। इंटर कॉलेज स्पर्धा में रंगमंच के मशहूर कलाकार योगेश गंभीर, हुकम शर्मा, संजय सूद, कमल मनोहर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस मौके पर सीमा कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ललिता रावत, प्रो. बीएस पिरटा, प्रो. हरीश सांजटा, डा. जेआर कश्यप, प्रो. चंद्र रांगटा भी उपस्थित थे।