एचआरटीसी कर्मचारियों को वेतन के लाले, सितंबर की तनख्वाह नहीं की अदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के पास अपने कर्मचारियों को तनख्वाह देने के लिए पैसे नहीं हैं। निगम में इस समय 11 हजार कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं लेकिन अभी तक इन्हें सितंबर महीने की तनख्वाह जारी नहीं की गई। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को हर महीने पेंशन के लिए जूझना पड़ता था लेकिन अब नियमित कर्मचारियों को भी यह मार झेलनी पड़ रही है।
पहले एचआरटीसी कर्मचारियों को महीने की पहली तारीख तक तनख्वाह जारी हो जाती थी लेकिन अक्तूबर महीने की 4 तारीख हो गई है और खाते में तनख्वाह अभी तक नहीं डाली गई है। एचआरटीसी संयुक्त समन्वय समिति के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि पथ परिवहन निगम के कर्मचारी दिन-रात सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन निगम प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों को न तो वित्तीय लाभ जारी हो रहे हैं और न ही समय पर चिकित्सा बिलों का भुगतान हो रहा है। अब तनख्वाह के भी लाले पड़ गए हैं।
मंत्री बोले, 24 घंटे में जारी होगा वेतन
उन्होंने कहा कि निजी ऑपरेटरों की हड़ताल के दौरान एचआरटीसी कर्मचारियों ने दिन-रात एक करके दो दिन के भीतर साढ़े 3 करोड़ की कमाई की जबकि प्रतिदिन निगम को एक करोड़ के आसपास आय हो रही है। लेकिन निगम प्रबंधन हर बार पैसे की कमी का रोना रोता रहा है।
वहीं एचआरटीसी सर्व कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी खेमेंद्र गुप्ता ने बताया कि कर्मचारी ओवर टाइम कर रहे हैं लेकिन इसका पैसा तो दूर तनख्वाह भी समय पर नहीं दी जा रही है। उन्होंने परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
एचआरटीसी कर्मचारियों को समय पर तनख्वाह जारी न किए जाने के मामले में परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने निगम के अफसरों को लताड़ लगाई है। मंत्री ने अफसरों को 24 घंटे के भीतर तनख्वाह जारी करने को कहा है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो अफसरों के खिलाफ कार्रवाई होगी।