दिवाली पर ऑन डिमांड भी चलेंगी एचआरटीसी की बसें
दिवाली वाले दिन घर न पहुंचने से कहीं आपका त्योहार फीका न रह जाए, इसके लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम ऑन डिमांड बसें चला रहा है। बुधवार शाम सात बजे तक हिमाचल के किसी भी कोने से लंबे रूट की बस एक फोन पर मंगाई जा सकती है।
बस शर्त इतनी है कि सवारियां 30 या इससे अधिक होनी चाहिए। शाम चार बजे तक ही लोकल और लंबे रूटों की बसें चलेंगी। इसके बाद बस अड्डों पर अगर भीड़ हुई तो स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। परिवहन निगम ने हर डिपो में 10 से 15 बसें स्पेयर रखी हैं ताकि आन डिमांड मौके पर भेजी जा सके।
बसें ओवरलोड न करने के निर्देश
बुधवार को हिमाचल से बाहरी राज्यों के लिए परिवहन निगम ने हर डिपो से एक-एक बस भेजने का फैसला लिया है। परिवहन निगम ने लंबी दूरी की समय सारिणी को भी क्लब कर दिया है। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने इसकी पुष्टि की है।
परिवहन निगम ने चालक और परिचालकों को बसें ओवरलोड न करने की हिदायत दी है। 52 सीटर बस में 60 से अधिक सवारियां न बिठाने को कहा है। अगर चालकों को लगे कि सवारियां ज्यादा हैं तो वह नजदीकी डिपो को सूचित कर अतिरिक्त बस की डिमांड कर सकता है।