डीएम से बोला कंडक्टर, ठीक से नौकरी कर वरना शिमला में बैठा दूंगा, 5 हजार देना पड़ेगा किराया
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में कंडक्टर पद पर तैनात कर्मचारी नेता और मंडलीय प्रबंधक (डीएम) के बीच बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसमें कर्मचारी नेता मंडलीय प्रबंधक को लगातार धमका रहा है।
वह यहां तक कहता है - ठीक से नौकरी कर, नहीं तो शिमला में बैठा दूंगा। फिर पता चलेगा जब 5000 रुपये कमरे का किराया देना पड़ेगा। स्थिति बदल चुकी है अब मैं सबक सिखाऊंगा। कंडक्टर की इस कदर दादागीरी से एचआरटीसी कर्मचारियों और अफसरों में चर्चा हो रही है।
अफसर हैरान हैं कि अगर इस तरह से कर्मचारी अधिकारियों से पेश आते रहे तो काम करना मुश्किल हो जाएगा। डीएम ने कहा कि इस ऑडियो एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप भटनागर को भेज दिया है। वह इस मामले की जांच कर रहे हैं।
बातचीत के अंश....
कंडक्टर - आप चालक राजेश को वर्दी पहनने के लिए नालागढ़ फोन करते हो।
डीएम : यह चालक वर्दी नहीं पहनता है। 6 साल से इसने वर्दी नहीं ली है, मैंने इसे खुद भी देखा है।
कंडक्टर : अगर छह साल में वर्दी नहीं ली तो आपने क्या किया इसके खिलाफ।
डीएम - मैं बेवकूफ नहीं हूं कि मैं इसे ऐसे ही बोलूं।
कंडक्टर - आप अपने आप को खुद ही बेवकूफ कह रहे हो।
डीएम - मैं किसी को गलत नहीं बोलता।
कंडक्टर - मेरे साथ फालतू बात न करियो। मैं जानता हूं आपके काम। काला कौआ अगर महल के शिखर पर बैठ जाता है तो गरुड़ नहीं बन जाता।
डीएम - ऐसे शब्दों का इस्तेमाल मत करो
कंडक्टर - आपने क्या-क्या किया है, मेरे को सारा पता है, सारी कुंडलियां हैं मेरे पास
डीएम -आपको पता है, हमें भी पता है
कंडक्टर - क्या पता है, आप डीएम है। जब आपने उसकी गाड़ी से क्रास किया तो आपने चेक क्यों नहीं किया। आप कभी उसे नालागढ़ फोन करते हो, कभी ऊना फोन करते हो, उसने आज व्हाट्सऐप किया है वर्दी पहने हुए।
डीएम - मेरे को रिपोर्ट आई है।
कंडक्टर - रिपोर्ट आई है स्वाह तेरे पास। डीएम पोस्ट की बुड़क मारता है। मैं तेरे को जानता हूं।
डीएम - आप इतने लीडर रहे हैं।
कंडक्टर - लीडर आपने थोड़ी न बनाया। आपने तो मेरे बेड़ा गर्क किया। (अश्लील गाली दी )... पांच दिन में मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। आपकी हैसियत का मेरे को सब पता है। खुदा थोड़ी है तू।
(इस ऑडियो में कंडक्टर ने डीएम को आगे और भी बहुत कुछ बोला है।)
(अमर उजाला इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है, सोशल मीडिया में जो चल रहा है, उसे प्रकाशित किया गया है।)