डॉक्टरों के इतने पद भरेगी हिमाचल सरकार, स्वास्थ्य मंत्री ने किया एलान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार डॉक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों की भर्ती को लेकर बड़ा एलान किया है। मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि सरकार 100 दिन में 100 एमबीबीएम और 200 आयुर्वेदिक चिकित्सकों के पद भरेगी।
पैरा मेडिकल स्टाफ की कमी दूर करने को 1300 पद भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंत्री सिविल अस्पताल सुंदरनगर के निरीक्षण के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश की जनता के लिए पूर्व सरकार के समय में हजारों करोड़ की राशि जारी की, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसे खर्च करने के बजाय तिजोरी में रखा।
यूनिवर्सल हेल्थ केयर योजना का जल्द होगा शुभारंभ
भाजपा सरकार का मानना है कि केंद्र से मिलने वाला पैसा तिजोरी में नहीं, बल्कि जनता के कल्याण पर खर्च होना चाहिए। विभाग से प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में मिले बजट और लंबित सभी योजनाओं का जानकारी मांगी है।
साथ ही विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि जो भी बजट उपलब्ध है, उसे 31 मार्च से पहले योजनाओं का प्रारूप बनाकर जहां भी आवश्यकता है वहां खर्च किया जाए। कहा कि आम जन के लिए महंगी होती स्वास्थ्य सेवाओं से राहत देने के लिए यूनिवर्सल हेल्थ केयर योजना का जल्द मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुभारंभ करेंगे।
इस योजना के तहत महज 365 रुपये देकर सवा दो लाख तक का उपचार निशुल्क हो सकेगा। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि वे मरीजों को अस्पताल में मिलने वाली 300 तरह की दवाएं ही लिखें।
नेरचौक मेडिकल कॉलेज को चलाकर दिखाएंगे : परमार
नेरचौक मेडिकल कॉलेज को लेकर स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद नेरचौक मेडिकल कॉलेज को जयराम सरकार चलाकर दिखाएगी।
वीरवार को बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक का निरीक्षण करने के उन्होंने कहा कि उन्हें आज इस मेडिकल कॉलेज में पहली बार आने का अवसर मिला है। यहां आने का यही मकसद है कि जो कोशिशें तथा प्रयास इस संस्थान को चलाने को किए जा रहे हैं, उन्हें और आगे बढ़ाया जाए।
सिर्फ भवन बनाने से संस्थान नहीं चलते, इसके लिए हर तरह की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवानी होती हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, सांसद रामस्वरूप शर्मा के प्रयासों की सराहना की।
मेडिकल कॉलेज में जो कठिनाइयां आ रही हैं, उनके निराकरण को प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने प्रयोगशाला, पुस्तकालय, बैठक कक्ष, क्लास रूम का भी निरीक्षण किय। कॉलेज प्राचार्य डॉ. डीएस धीमान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देसराज शर्मा, विधायक इंद्र सिंह गांधी, हेमपाल, राकेश वालिया
आदि मौजूद रहे। इससे पहले नेरचौक में परमार का भव्य स्वागत हुआ। बल्ह के विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री से गुहार लगाई कि जिन लोगों ने मेडिकल कॉलेज के निर्माण में सहयोग किया है, उन्हें मेडिकल कॉलेज में प्राथमिकता के आधार पर नौकरी दी जाए।