हिमाचल प्रदेश: अब सप्ताह के सातों दिन होगी रोबोटिक सर्जरी, 15 माह में हुए 1100 ऑपरेशन
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के चिकित्सा संस्थानों में इस अत्याधुनिक सुविधा को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में महज 15 महीनों में 1100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी होना स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा अब सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध करवाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के चिकित्सा संस्थानों में इस अत्याधुनिक सुविधा को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में महज 15 महीनों में 1100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी होना स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना करते हुए युवा डॉक्टरों को भी इस तकनीक में दक्ष बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री शनिवार को यहां रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोबोटिक तकनीक से कोलन सर्जरी, प्रोस्टेट कैंसर सर्जरी और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। चिकित्सकों ने नई तकनीक को कम समय में सीखा और बेहतर परिणाम दिए हैं। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालयों से लंबित ऑपरेशनों की रिपोर्ट भी तलब की, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
प्रदेश के चार चिकित्सा संस्थानों में यह सुविधा उपलब्ध है। इनमें अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक और इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि यहां एम्स दिल्ली की तुलना में काफी कम दरों पर रोबोटिक सर्जरी की जा रही है। सरकार इस सुविधा का विस्तार अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों में भी करने पर विचार कर रही है, ताकि मरीजों को घर के नजदीक आधुनिक उपचार मिल सके और उन्हें दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
रोबोटिक सर्जरी में चीरा छोटा लगाया जाता है और रक्तस्राव भी न्यूनतम होता है। इससे मरीजों को जल्दी स्वस्थ होने में मदद मिलती है। ओपन सर्जरी की तुलना में अस्पताल में रहने की अवधि 50 से 75 प्रतिशत तक कम हो रही है। इस तकनीक के संचालन के लिए अब तक 41 सर्जन और 34 केयर टीम सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें नर्सें, ऑपरेशन थिएटर सहायक और अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं। बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी मंडी के कुलपति डॉ. डीके वर्मा, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार और निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. गोपाल बेरी उपस्थित रहे। चिकित्सा महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
