{"_id":"e71daeb9acb1086f5554d4db66f0b34a","slug":"hp-govt-closed-roads-for-mining-mafia-at-indora-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सरकार ने बंद कराया खनन माफिया का चोर रास्ता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सरकार ने बंद कराया खनन माफिया का चोर रास्ता
ब्यूरो/अमर उजाला, डमटाल (कांगड़ा)
Updated Sat, 17 Oct 2015 11:03 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र बाई अटारियां में खनन माफिया के चोर रास्ते को सरकार के निर्देशानुसार शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने बंद कर दिया। लोनिवि के इंदौरा मंडल के सहायक अभियंता की मौजूदगी में विभागीय कर्मचारियों ने बड़े-बड़े पत्थरों और पिल्लर गाढ़कर चोर रास्ते को बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया।
विज्ञापन
अब इस रास्ते से सिर्फ दोपहिया वाहन ही गुजर सकेंगे। पिछले काफी समय से इस विवादित रास्ते को लेकर राजनीतिक हो-हल्ला मच रहा था। इस मसले को 'अमर उजाला' ने 18 जुलाई के अंक में प्रमुखता से उठाया था। बताया था कि बाई अटारियां में उद्योग विभाग की क्रेटवाल तोड़कर पंजाब का खनन माफिया इस चोर रास्ते से अपनी गाड़ियां निकाल रहा है।
विज्ञापन
खनन माफिया ने लगाया था पूरा जोर
चोर रास्ते से मल्टी एक्सल वाहनों की आवाजाही से डमटाल-कंदरोड़ी सड़क की हालत बेहद खस्ता हो चुकी थी। यहां तक कि खनन माफिया ने कुछ पंचायतों की आड़ लेकर चोर रास्ते को बंद न करवाने की भी पूरी कोशिश की। लेकिन, प्रदेश सरकार ने इस मसले पर उच्च स्तरीय जांच कमेटी बिठाकर चोर रास्ते की विस्तृत रिपोर्ट मंगवाई।
विज्ञापन
आखिरकार, इस चोर रास्ते को तुरंत प्रभाव से बंद करने के आदेश जारी किए। वीरवार को एसडीएम ने भी मौके का दौरा किया और लोनिवि को चोर रास्ते को बंद करने के निर्देश दिए। एसडीएम के आदेश पर शुक्रवार को लोनिवि के सहायक अभियंता प्रेम कुमार डोगरा ने जेसीबी और विभाग के कर्मचारियों की मदद से उक्त रास्ते को बंद करवा दिया।
रास्ता खोलने की फिर कोशिश की तो होगी कार्रवाई : एसडीएम
एसडीएम नूरपुर राकेश प्रजापति ने कहा कि सरकार के आदेशानुसार विवादित रास्ते को लोनिवि के माध्यम से बंद करवा दिया गया है। जल्द ही क्रेटवाल का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
अगर किसी शरारती तत्व ने इस रास्ते को खोलने की कोशिश की तो उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डीएसपी महिंद्र सिंह मन्हास ने बताया कि शेखपुर में पुलिस बल का भी पहरा लगाया गया है, जिससे प्रतिबंधित और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।