शिमला से ज्यादा ठंडे दिल्ली और जयपुर, मैदानी इलाके धुंध-कोहरे की चपेट में ठिठुर रहे
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और पिंक सिटी जयपुर में तापमान पहाड़ों की रानी शिमला से कम हो गया है। इन दोनों शहरों में शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान शिमला शहर से कम रिकार्ड हुआ। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2.2 और जयपुर में 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जबकि शिमला में न्यूनतम पारा 4.0 डिग्री रहा।
हिमाचल के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में धूप खिलने से ठंड से कुछ राहत मिली है। मैदानी इलाके धुंध-कोहरे की चपेट में ठिठुर रहे हैं। कांगड़ा, ऊना, मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर के कई क्षेत्रों में दोपहर बारह बजे के बाद धूप निकल रही है। करीब तीन बजे से दोबारा धुंध पड़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शिमला सहित अन्य पहाड़ी इलाकों में इन दिनों मौसम साफ है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल में 31 दिसंबर से तीन जनवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार जताए हैं। इस दौरान प्रदेश भर में ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है।
शनिवार को प्रदेश भर में मौसम साफ रहा। केलांग में अधिकतम तापमान माइनस 1.6, सोलन में 18.5, सुंदरनगर-भुंतर में 18.3, बिलासपुर में 18.0, हमीरपुर में 17.8, कांगड़ा में 16.6, शिमला में 14.8 और धर्मशाला में 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग - 11.5
मनाली - 2.6
सुंदरनगर - 1.9
कल्पा - 1.8
कुफरी - 1.5
भुंतर - 1.3
सोलन - 1.0