शिमला: रेल संग्रहालय में फिर गूंजेगी स्टीम इंजन की सीटी, धुएं और रोशनी से मिलेगा असली इंजन जैसा अनुभव
शिमला के बाबा भलकू रेल संग्रहालय के प्रवेश द्वार पर लगा स्टीम इंजन मॉडल नए कलेवर में नजर आएगा। रेलवे बोर्ड ने इसके विस्तारीकरण और मरम्मत का काम शुरू करवाया है। नए मॉडल में इंजन के कलपुर्जे, सीटी, धुआं और रोशनी जैसी सुविधाएं होंगी। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
राजधानी के बाबा भलकू रेल संग्रहालय का मुख्य द्वार अब नए और आकर्षक अंदाज में पर्यटकों का स्वागत करेगा। रेलवे बोर्ड ने संग्रहालय के प्रवेश द्वार पर प्लाईवुड से तैयार स्टीम इंजन के आकार के मॉडल का विस्तारीकरण करने की योजना बनाई है। इसके तहत मॉडल को नया स्वरूप देने के लिए फिलहाल मुख्य द्वार से हटाकर संग्रहालय परिसर में शिफ्ट कर दिया है।
बीते दिनों रेलवे बोर्ड के तकनीकी विंग की टीम ने संग्रहालय का दौरा कर नए मॉडल को तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद काम शुरू कर दिया है। नए स्वरूप में तैयार होने के बाद यह मॉडल पर्यटकों को असली स्टीम इंजन के भीतर प्रवेश करने जैसा अनुभव देगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार करीब डेढ़ महीने में इसका काम पूरा कर इसे संग्रहालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थापित कर दिया जाएगा। पुराने बस अड्डे के समीप स्थित इस संग्रहालय के प्रवेश द्वार पर पहले से ही स्टीम इंजन के आकार का मॉडल लगाया था। यह मॉडल पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा है। इसे खास तौर पर इस तरह तैयार किया था कि पर्यटकों को असली स्टीम इंजन का एहसास हो सके। हालांकि इसमें लगाई गई कई सुविधाएं कुछ समय बाद खराब हो गई थीं।
- मॉडल के प्लेटफॉर्म पर कदम रखते ही जल उठती थीं लाइटें।
- दस मिनट तक जलती रहती थीं लाइटें।
- मॉडल के भीतर प्रवेश करने पर बजती थी इंजन की सीटी।
- अंदर से निकलने वाले धुएं से होता था स्टीम इंजन में होने का एहसास।
रेलवे बोर्ड ने 23 दिसंबर 2018 को बाबा भलकू रेल संग्रहालय का निरीक्षण किया था। इस दौरान अधिकारियों ने संग्रहालय के प्रवेश द्वार को स्टीम इंजन की तर्ज पर आकर्षक बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद रेलवे ने सहारनपुर में करीब दो लाख रुपये की लागत से प्लाईवुड का यह मॉडल तैयार करवाया था। हालांकि, इस बार इसके विस्तारीकरण पर आने वाली लागत अभी स्पष्ट नहीं है।
