हिमाचल में बदला माैसम: मनाली में बारिश, चोटियों पर हल्की बर्फबारी; प्रदेश में लगातार आठ दिन बरसेंगे बादल
धर्मशाला-मनाली में झमाझम बारिश दर्ज की गई। वहीं लाहाैल-स्पीति व कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी का दाैर शुरू हो गया है। शिमला में बादल छाए हुए हैं। माैसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई भागों में लगातार आठ दिन बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में माैसम ने करवट बदली है। धर्मशाला-मनाली में झमाझम बारिश दर्ज की गई। वहीं लाहाैल-स्पीति व कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी का दाैर शुरू हो गया है। रोहतांग दर्रा के साथ ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है। शिमला में बादल छाए हुए हैं। माैसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई भागों में लगातार आठ दिन बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। इस दाैरान कई भागों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम में यह बदलाव आया है।
कई भागों में 12 अक्तूबर तक जारी रहेगा बारिश का दाैर
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 6 से 9 अक्तूबर के बीच राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 10 अक्तूबर को मैदानी व कम ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। अन्य भागों में हल्की बारिश की संभावना है। 11 व 12 अक्तूबर को भी कुछ भागों में माैसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। वहीं 6 से 9 अक्तूबर तक कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
किस जिले में कब होगी बारिश
विभाग के अनुसार ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन व सिरमाैर जिले में 6 से 10 अक्तूबर तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व शिमला में 6 से 9 अक्तूबर तक हल्की से मध्यम बारिश होगी। किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति में 8 व 9 अक्तूबर को अच्छी बारिश-बर्फबारी हो सकती है। बाकि दिन अन्य भागों में हल्की बारिश की संभावना है।

तापमान में गिरावट आने की संभावना
अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद, अगले 2-3 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। अगले 3-4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.