भारी बारिश में डंगा धंसने से दो मजदूरों की मलबे में दबकर मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सोलन शहर के राजगढ़ रोड पर सूर्य बिहार के पास भारी बारिश में डंगा धंसने से दो मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे खुदाई का काम करते वक्त यह हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया लेकिन दबे मजदूरों को बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मरने वालों की पहचान दशराम (31) पुत्र जैबू लाल निवासी चकरोता देहरादून और पूर्ण बहादुर (35) निवासी नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सड़क के साथ मकान के नीचे बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था। करीब दस फीट गहरे गड्ढे खोदे जा चुके थे। भारी बारिश के बीच तिरपाल लगाकर मजदूर काम कर रहे थे। इसी बीच पहाड़ी के साथ लगा डंगा दरकने लगा।
मरने वालों में एक मजदूर देहरादून और दूसरा नेपाल का
पहले थोड़ा मलबा गिरा लेकिन तिरपाल की वजह से मजदूरों को इसका आभास नहीं हुआ। अचानक भारी मलबा खोदे गए गड्ढे में आ गया और देखते ही देखते दोनों मजदूर उस मलबे के नीचे दब गए। आवाज सुनते ही आसपास के लोग जुटे जिन्होंने इसकी सूचना प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस को दी।
उपायुक्त सोलन डॉ. राकेश कंवर, एसडीएम एकता काप्टा, एएसपी मनमोहन सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। एक मजदूर का शव करीब डेढ़ घंटे तो दूसरे का करीब तीन घंटे बाद निकाला गया। एसपी सोलन अंजुम आरा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। ठेकेदार पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है।